रामपुर महाविद्यालय में हर्षोल्लास से मनाया गया वार्षिक समारोह 2025

दीप प्रज्ज्वलन व सरस्वती वंदना के साथ हुआ समारोह का शुभारंभ

रामपुर: रामपुर महाविद्यालय में “वार्षिक समारोह – 2025” का आयोजन पूरे उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती प्रतिमा पर पुष्प अर्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. माधुरी रस्तोगी (पूर्व प्राचार्य, राजकीय रज़ा स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रामपुर), महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. जागृति मदान ढींगरा तथा मुख्य शास्ता डॉ. मीनाक्षी गुप्ता मंच पर उपस्थित रहीं।

छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय की छात्राओं उजाला, आरती और तरुणा जोगेश द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना, स्वागत गीत और कुलगीत से हुई, जिसने माहौल को भक्ति और उत्सवमय बना दिया।

प्राचार्या डॉ. जागृति ने अतिथियों का किया आभार प्रदर्शन
प्राचार्य डॉ. जागृति मदान ढींगरा ने अपने भाषण में सभी गणमान्य अतिथियों, मीडिया प्रतिनिधियों, शिक्षकगणों और विद्यार्थियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।

मुख्य अतिथि डॉ. माधुरी रस्तोगी का प्रेरणादायक संबोधन
मुख्य अतिथि डॉ. माधुरी रस्तोगी ने अपने सरल और आत्मीय अंदाज में विद्यार्थियों को प्रेरित किया और कहा कि इस महाविद्यालय से जुड़ी स्मृतियाँ आज भी उनके हृदय में जीवंत हैं। उन्होंने शिक्षा, क्रीड़ा, एनसीसी, एनएसएस, और रोवर्स-रेंजर्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को आशीर्वाद व शुभकामनाएँ दीं।

कॉलेज की उपलब्धियों का हुआ उल्लेख
डॉ. अब्दुल लतीफ ने कॉलेज की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि विद्यार्थियों ने पिछले सत्र में हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय को गौरवान्वित किया है। शिक्षकों की अकादमिक और सामाजिक उपलब्धियों ने भी संस्था की प्रतिष्ठा को ऊंचाइयों तक पहुंचाया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
रागिनी पंडित द्वारा प्रस्तुत एकल नृत्य ने कार्यक्रम को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया। विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

मेधावी विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित
समारोह में शैक्षणिक, सांस्कृतिक और खेलकूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र व पुरस्कार प्रदान किए गए। सर्वश्रेष्ठ एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस शिविरार्थी, क्रीड़ा चैम्पियन, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि खिलाड़ियों सहित अन्य को भी सम्मानित किया गया।

धन्यवाद ज्ञापन व राष्ट्रगान के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन डॉ. मीनाक्षी गुप्ता द्वारा प्रस्तुत किया गया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। कार्यक्रम ने महाविद्यालय की गरिमा को और ऊंचा किया तथा विद्यार्थियों को प्रेरणा का संचार प्रदान किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.