मोदी सरकार के 11 सालों में 33 गलतियां कीं: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का तीखा हमला

नई दिल्ली: केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के 11 वर्ष पूरे होने पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री मोदी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इस कार्यकाल में कुल 33 बड़ी गलतियां की गई हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री को अब तक का “सबसे झूठ बोलने वाला प्रधानमंत्री” बताया।

मीडिया से बातचीत में खड़गे ने कहा, “मैंने अपने 65 साल के राजनीतिक जीवन में और 55 साल के सत्ता अनुभव में ऐसा प्रधानमंत्री नहीं देखा जो इतना झूठ बोले, लोगों को फंसाए, युवाओं को धोखा दे और गरीबों से वोट लेकर उन्हें भूल जाए।”

खड़गे ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री हर विषय पर झूठ बोलते हैं और जो वादे करते हैं, उन्हें पूरा नहीं करते। जब उनसे सवाल पूछा जाता है तो उनके पास कोई जवाब नहीं होता।

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा, “चाहे नोटबंदी हो, रोजगार सृजन हो या किसानों को एमएसपी देने की बात – हर मोर्चे पर मोदी सरकार ने लोगों को गुमराह किया है। उन्होंने न तो कभी अपनी गलती मानी और न ही कभी माफी मांगी।”

यह हमला ऐसे समय में आया है जब मोदी सरकार ने अपने तीसरे कार्यकाल की पहली वर्षगांठ और कुल 11 वर्षों का कार्यकाल 10 जून को पूरा किया है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.