मुख्यमंत्री योगी ने किया महाराजा सुहेलदेव स्मारक का लोकार्पण, 40 फीट ऊंची प्रतिमा का किया अनावरण

बहराइच को मिली 1,243 करोड़ की 384 विकास परियोजनाओं की सौगात

लखनऊ/बहराइच: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बहराइच के चित्तौरा में चक्रवर्ती सम्राट महाराजा सुहेलदेव के विजय दिवस पर भव्य स्मारक का लोकार्पण और उनकी 40 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने 1,243 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 384 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास भी किया।

इस ऐतिहासिक मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा, “महाराजा सुहेलदेव ने आज से लगभग 1,000 वर्ष पूर्व विदेशी आक्रांताओं को पराजित कर भारत की संस्कृति, धर्म और धरा की रक्षा की। अब समय आ गया है कि हम ऐसे राष्ट्रनायकों को उचित सम्मान दें और विदेशी आक्रांताओं के महिमामंडन को समाप्त करें।”

मुख्यमंत्री ने बहराइच मेडिकल कॉलेज का नाम महाराजा सुहेलदेव, तथा संबंधित चिकित्सालय का नाम गुरु बालार्क ऋषि के नाम पर रखने की घोषणा की। उन्होंने आज़मगढ़ विश्वविद्यालय और लखनऊ में प्रस्तावित महाराजा बिजली पासी स्मारक का भी ज़िक्र किया।

मुख्य घोषणाएं व कार्यक्रम हाइलाइट्स:

384 परियोजनाओं में से 272 का लोकार्पण और 112 का शिलान्यास किया गया।

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत हल्दी प्रोसेसिंग के लिए युवा उद्यमियों को प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए।

बच्चों का सुहेलदेव नाम पर नामकरण और अन्नप्राशन संस्कार किया गया।

वीरांगनाओं की स्मृति में लखनऊ, बदायूं और गोरखपुर में भव्य प्रतिमाएं स्थापित होंगी।

चित्तौरा में तीन दिवसीय वार्षिक आयोजन और महाराजा सुहेलदेव पर शोध को बढ़ावा देने के लिए स्कॉलरशिप व पुस्तकालय की योजना।

मुख्यमंत्री ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी के ‘पंचप्रण’ और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को हम राष्ट्रनायकों के सम्मान और जनकल्याण की योजनाओं से जोड़ते हुए साकार कर रहे हैं।”

कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, पंचायतीराज मंत्री ओमप्रकाश राजभर, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.