आकांक्षात्मक विकासखंड सैदनगर के ग्राम पंचायतों का निदेशक अमित कुमार सिंह ने किया निरीक्षण

स्वच्छ भारत मिशन और विकास कार्यों की स्थिति का लिया जायजा, ग्रामीणों से की सीधी संवाद, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र और आरआरसी पर विशेष ध्यान

रामपुर: निदेशक पंचायती राज एवं निदेशक स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) श्री अमित कुमार सिंह ने ग्राम पंचायत सिंगनखेड़ा में बने प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक के निस्तारण, बैकवर्ड-फारवर्ड लिंकेज और ओएसआर (स्वयं का राजस्व) की जानकारी ली। साथ ही आरआरसी केंद्र पर वर्मी कम्पोस्ट निर्माण प्रक्रिया और आय पर भी चर्चा की।

लाइब्रेरी, सिलाई केंद्र और सचिवालय का भी किया निरीक्षण
श्री सिंह ने सिंगनखेड़ा की लाइब्रेरी में अध्ययनरत छात्रों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर संवाद किया। इसके अलावा सिलाई केंद्र और पंचायत सचिवालय का भी निरीक्षण किया और पंचायत सहायक से VLE सेवाओं की जानकारी प्राप्त की।

ग्राम चौपाल में ग्रामीणों से संवाद, मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
ग्राम चौपाल में निदेशक ने 50 आकांक्षात्मक सूचकांकों पर शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य विषयों पर ग्रामवासियों से चर्चा की। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी ग्रामीण मूलभूत सुविधाओं से वंचित न रह जाए और सभी पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जाए।

खेल सुविधाएं और जल आपूर्ति पर भी नजर
ग्राम पंचायत में निर्मित फुटबॉल और हॉकी स्टेडियम का निरीक्षण किया गया। इसके साथ ही ग्राम खोद में पाइप पेयजल परियोजना का जायजा लेकर टंकी परिसर में वृक्षारोपण किया। ग्रामीणों से नल से जल की उपलब्धता और यूजर चार्ज के बारे में भी जानकारी ली।

आयुष्मान आरोग्य मंदिर और स्मार्ट आंगनबाड़ी का अवलोकन
पैगा पंचायत में निदेशक ने आयुष्मान भारत योजना के तहत बने आरोग्य मंदिर का निरीक्षण किया और प्रभारी चिकित्सा अधिकारी से स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति जानी।
काशीपुर ग्राम पंचायत में स्मार्ट आंगनबाड़ी केंद्र, लाइब्रेरी और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रसव कक्ष का निरीक्षण कर दवाओं की उपलब्धता और स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण में वरिष्ठ अधिकारी और ग्रामवासी रहे उपस्थित
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी नंदकिशोर कलाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.पी. सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी जाहिद हुसैन, राज्य सलाहकार संतोष सिंह, सीएम फेलो संतोष गंगवार सहित कई जिला स्तरीय अधिकारी, पंचायत सचिव, प्रधान और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.