रामपुर डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन ने मुक्तेश्वर में की वार्षिक बैठक, व्यापार में पारदर्शिता, सहयोग और चुनौतियों पर हुई खुलकर चर्चा

रामपुर। रामपुर डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन की वार्षिक बैठक इस वर्ष उत्तराखंड के सुंदर पर्यटन स्थल मुक्तेश्वर में आयोजित की गई। संगठन के सभी सदस्यों की उपस्थिति में यह बैठक व्यापारिक पारदर्शिता, आपसी सहयोग और वितरकों के समक्ष आ रही चुनौतियों पर केंद्रित रही।

बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष शुएब मोहम्मद खान ने की। उन्होंने अपने स्वागत भाषण में कहा कि डिस्ट्रीब्यूटर किसी भी व्यापारिक व्यवस्था की रीढ़ होते हैं और उन्हें अपने व्यावसायिक कर्तव्यों के साथ-साथ सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारियों का भी निर्वहन करना चाहिए।

बैठक में कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए, जिनमें जीएसटी रिटर्न फाइलिंग, इनवॉइसिंग और क्रेडिट संबंधी समस्याएं प्रमुख रहीं। इन समस्याओं के समाधान हेतु संगठन ने जीएसटी विशेषज्ञों की कार्यशाला आयोजित करने का प्रस्ताव रखा। साथ ही कई सदस्यों ने कंपनियों द्वारा थोपे जा रहे अनावश्यक टारगेट और क्रेडिट नियमों पर चिंता व्यक्त की। इसके खिलाफ एक सामूहिक ज्ञापन तैयार कर संबंधित कंपनियों को भेजने का निर्णय लिया गया।

संगठन ने आह्वान किया कि सभी सदस्य उचित मूल्य नीति का पालन करें और अनैतिक छूट देकर प्रतिस्पर्धा को न बढ़ाएं। इससे व्यापारिक भाईचारा कायम रहेगा। बैठक में ऑनलाइन बिक्री के कारण छोटे डिस्ट्रीब्यूटर को हो रहे नुकसान पर भी चर्चा हुई और इसके समाधान हेतु नीति-निर्माताओं तक आवाज़ पहुंचाने की योजना बनाई गई।

बैठक के अंत में सांस्कृतिक कार्यक्रम और आपसी संवाद का आयोजन हुआ, जिससे सभी सदस्य एक-दूसरे के और निकट आए। कार्यक्रम का संचालन सचिव राजीव शर्मा ने किया।

इस अवसर पर उपाध्यक्ष संजय गर्ग, उप सचिव वाजिद अली, गौरव जैन, राजीव अग्रवाल, आलोक जैन, अमित अग्रवाल, प्रदीप अग्रवाल, शाकेब शम्सी, शाहिद शम्सी, सुभाष अरोरा, जीतू सिडाना, गौरव गुप्ता, सुमित रस्तोगी, फिरोज खान, बबलू शम्सी, सागर होजरी सहित सभी सदस्य उपस्थित रहे।

सदस्यों ने यह संकल्प लिया कि वे अपने व्यवसाय को ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ाएंगे और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को भी निभाएंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.