ऐलनाबाद: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर उपायुक्त शांतनु शर्मा ने की बैठक

अधिकारियों को दिए समयबद्ध निर्देश, कार्यक्रम में होगी जनसहभागिता, 21 जून को जिला स्तरीय योग कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे नागरिक

  • रिपोर्ट: एमपी भार्गव

 

ऐलनाबाद/ सिरसा: जिले में 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन के लिए उपायुक्त शांतनु शर्मा ने बुधवार को लघु सचिवालय में संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने बताया कि 21 जून को शहीद भगत सिंह स्टेडियम में जिला स्तरीय योग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें जनसहभागिता बड़े स्तर पर सुनिश्चित की जाएगी।

ग्राम पंचायतों, NGO और सामाजिक संगठनों की भी होगी भागीदारी
उपायुक्त ने कहा कि योग दिवस को लेकर ग्राम पंचायतों, स्वयं सहायता समूहों, एनजीओ और विभिन्न सामाजिक संगठनों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही पौधारोपण कार्यक्रम भी योग दिवस के उपलक्ष्य में चलाया जाएगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने भी दिए दिशा-निर्देश, सभी तैयारियों को समय पर पूरा करें अधिकारी
बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. मयंक गुप्ता, अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन, सीईओ जिला परिषद डॉ. सुभाष चंद्र, पतंजलि योग समिति के प्रतिनिधि और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
इससे पहले मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेशभर के अधिकारियों को योग दिवस कार्यक्रम को लेकर दिशा-निर्देश दिए।

साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा और बिजली व्यवस्था के होंगे पुख्ता इंतजाम
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, अस्थाई शौचालय, एंबुलेंस और बिजली की व्यवस्था समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने वैकल्पिक स्थान को भी चिन्हित करने के निर्देश दिए ताकि मौसम की विपरीत स्थिति में आयोजन पर कोई असर न पड़े।

खंड और उपमंडल स्तर पर भी होंगे कार्यक्रम
जिले के खंड और उपमंडल स्तर पर भी योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक लोग योग से जुड़ सकें। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों से आग्रह किया कि वे इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन को सफल बनाने में पूरा सहयोग करें और योग को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.