आतंकवाद पाकिस्तान की युद्ध नीति, भारत देगा सटीक जवाब: प्रधानमंत्री मोदी

गांधीनगर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि पाकिस्तान द्वारा अपनाया गया आतंकवाद कोई परोक्ष युद्ध (प्रॉक्सी वॉर) नहीं, बल्कि एक सुनियोजित युद्ध नीति है, और भारत अब उसी के अनुसार जवाब देगा।

गुजरात सरकार के शहरी विकास कार्यक्रम में ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “जिस रात (6 मई) भारत ने पाकिस्तान स्थित आतंकी ठिकानों पर हमला किया, उसमें मारे गए आतंकियों को पाकिस्तान ने राज्य सम्मान दिया। उनके जनाजों पर पाकिस्तानी झंडा लिपटा गया और वहां की सेना ने उन्हें सलामी दी।”

उन्होंने कहा, “यह सबूत है कि यह सिर्फ प्रॉक्सी वॉर नहीं, बल्कि पाकिस्तान की एक युद्ध रणनीति है। और जब कोई युद्ध करता है, तो जवाब भी उसी तरह मिलेगा।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि जब भी भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध हुआ, भारत की सेनाओं ने पाकिस्तान को ऐसी हार दी जिसे वह कभी नहीं भूल सका। उन्होंने कहा कि जब पाकिस्तान ने समझ लिया कि वह प्रत्यक्ष युद्ध में भारत को हरा नहीं सकता, तो उसने आतंकवादियों को सैन्य प्रशिक्षण और समर्थन देना शुरू कर दिया।

मोदी ने कहा, “कितना भी मजबूत और स्वस्थ शरीर हो, अगर उसमें कांटा चुभा हो तो वह पीड़ा देता रहता है। हमने फैसला कर लिया है कि अब वह कांटा निकालना ही होगा।”

विभाजन का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “विभाजन के साथ ही मां भारती को दो टुकड़ों में बांटा गया और उसी रात कश्मीर पर पहला आतंकी हमला मुजाहिदीन के जरिए हुआ।”

उन्होंने कहा कि अगर उस समय ही मुजाहिदीन का खात्मा कर दिया गया होता और सरदार पटेल की सलाह मानी गई होती, तो पिछले 75 वर्षों से आतंकवाद की यह कड़ी नहीं चलती।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.