देवर्षि नारद जयंती के उपलक्ष्य में पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन
25 मई को मानव रचना विश्वविद्यालय, फरीदाबाद में होगा आयोजन
फरीदाबाद ( एम पी भार्गव)। भारतीय पत्रकारिता की प्राचीन परंपरा के प्रतीक देवर्षि नारद जी की जयंती के उपलक्ष्य में विश्व संवाद केंद्र, हरियाणा द्वारा पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह भव्य कार्यक्रम 25 मई 2025, रविवार को मानव रचना विश्वविद्यालय, फरीदाबाद में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न पत्रकारों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम के संयोजक और विश्व संवाद केंद्र के सचिव श्री राजेश कुमार ने बताया कि देवर्षि नारद भारतीय ज्ञान परंपरा में लोक कल्याणकारी संदेशवाहक और आदि लोक-संचारक के रूप में प्रसिद्ध हैं। शास्त्रों में उनका उल्लेख ब्रह्मा जी के पुत्र, भगवान विष्णु जी के परम भक्त और बृहस्पति जी के शिष्य के रूप में मिलता है।
कुमार ने बताया कि विश्व संवाद केंद्र पिछले 10 वर्षों से लगातार देवर्षि नारद जयंती के अवसर पर पत्रकारों को सम्मानित कर भारतीय पत्रकारिता की मूल आत्मा को संरक्षित रखने का प्रयास कर रहा है। यह आयोजन न केवल पत्रकारों का सम्मान है, बल्कि समाज के प्रति उनके दायित्व की भी सार्वजनिक स्वीकृति है।
इस समारोह में वरिष्ठ पत्रकार, संपादक, मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षाविद शामिल होंगे। कार्यक्रम में पत्रकारिता और जनसंचार के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।
राजेश कुमार ने सभी पत्रकारों, मीडिया कर्मियों और जनसंचार से जुड़े व्यक्तियों को इस अवसर पर उपस्थित होने का सादर आमंत्रण देते हुए कहा कि देवर्षि नारद जी का आदर्श आज की पत्रकारिता के लिए अत्यंत प्रासंगिक है, और इस आयोजन के माध्यम से हम उस परंपरा को सजीव रखने का संकल्प लेते हैं।
