मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने डॉ. बलजीत सिंह की पुस्तक का किया विमोचन
सिरसा दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने किया पुस्तक का लोकार्पण
- रिपोर्ट: एम पी भार्गव
ऐलनाबाद, सिरसा: मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने अपने हालिया सिरसा दौरे के दौरान वरिष्ठ पत्रकार और लेखक डॉ. बलजीत सिंह एडवोकेट द्वारा लिखित पुस्तक ‘एसवाईएल – हकीकत या सियासत’ का विमोचन किया। इस अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल कौशिक, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, पूर्व मंत्री गोपाल कांडा, भाजपा जिलाध्यक्ष यतींद्र सिंह एडवोकेट, वरिष्ठ नेता गोबिंद कांडा और नगर परिषद सिरसा के चेयरमैन शांति स्वरूप समेत कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
पुस्तक में एसवाईएल से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी
डॉ. बलजीत सिंह एडवोकेट ने बताया कि उनकी पुस्तक ‘एसवाईएल – हकीकत या सियासत’ में सतलुज-यमुना लिंक नहर (एसवाईएल) से संबंधित विभिन्न पहलुओं का विश्लेषण किया गया है। इसमें हरियाणा राज्य में नहरी पानी की आवश्यकता, बिरानी क्षेत्र का विवरण और दक्षिण हरियाणा में पानी की कमी पर विशेष प्रकाश डाला गया है।
जल संकट और पानी के प्रबंधन पर गहन विवेचन
पुस्तक में गहराते जल संकट और पानी के अत्यधिक दोहन जैसे मुद्दों को तथ्यों और आंकड़ों के साथ प्रस्तुत किया गया है। साथ ही पानी की आपूर्ति, सिंचाई प्रणालियों, नहरों, निकास मार्गों, बांधों और जल भंडारण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को भी साझा किया गया है, जो पाठकों को जल संसाधनों के समुचित प्रबंधन की आवश्यकता का बोध कराती है।
