बदायूं: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए 28 निर्दोष पर्यटकों की याद में नगर पालिका परिसर में शोकसभा आयोजित की गई। इस दौरान दो मिनट का मौन रखकर मृतकों को श्रद्धांजलि दी गई और दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
पूर्व मंत्री आबिद रजा ने की कड़ी निंदा
पूर्व मंत्री आबिद रजा ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि धर्म पूछकर गोलियां चलाने वाले आतंकवादी किसी मजहब के पैरोकार नहीं हो सकते। उन्होंने कहा कि यह एक कायराना हरकत है और देश इससे डरने वाला नहीं है। आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी के साथ खड़े होने की बात
पूर्व मंत्री ने कहा कि इस दुखद समय में हमारे विचार और राजनीति अलग हो सकते हैं, लेकिन हम देश के प्रधानमंत्री के साथ खड़े हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।
पालिका अध्यक्ष फात्मा रजा का बयान
पालिका अध्यक्ष फात्मा रजा ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ देश की नीति ‘जीरो टॉलरेंस’ की होनी चाहिए। भारत का हर नागरिक इस तरह की कायरतापूर्ण हरकत के खिलाफ एकजुट है।
बार एसोसिएशन अध्यक्ष की प्रतिक्रिया
बार एसोसिएशन अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि यह हमला देश की आत्मा पर हमला है। उन्होंने मांग की कि आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
बदायूं क्लब सचिव अक्षत अशेष की भावुक अपील
बदायूं क्लब सचिव अक्षत अशेष ने मारे गए निर्दोष पर्यटकों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि अब वक्त आ गया है कि आतंकवादियों का संहार किया जाए। उन्होंने कहा कि अगर आज हम नहीं जागे तो कल ये घटनाएं हम सभी के साथ हो सकती हैं।
समाजसेवी अशोक खुराना ने कहा – अब आर-पार की लड़ाई होगी
समाजसेवी अशोक खुराना ने घटना को मानवता के खिलाफ बताया और कहा कि अब आर-पार की लड़ाई का वक्त है। देश को आतंक और आतंकवादियों से मुक्त कराने का समय आ गया है।
स्वायत्त शासन कर्मचारी महासंघ की मांग
स्वायत्त शासन कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष सचिन सक्सेना और महामंत्री नारायण दत्त शर्मा ने कहा कि 28 निर्दोष लोगों की शहादत व्यर्थ नहीं जानी चाहिए। आतंकवादियों को जड़ से खत्म करने की जरूरत है।
सफाई मजदूर संघ का संदेश
उत्तर प्रदेशीय सफाई मजदूर संघ के अध्यक्ष रमेश डी. लाल ने आतंकवाद की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि इसका कोई धर्म नहीं होता। इस घटना ने पूरे देश को आहत किया है।
शोकसभा में अनेक लोगों की उपस्थिति
शोकसभा में सपा नेता साजिद, जवाहर सिंह यादव, महेश सक्सेना, बलवीर सिंह यादव, शशांक यादव सहित नगर पालिका के कई अधिकारी, कर्मचारी और शहर के गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने मिलकर देश की एकता और अखंडता के समर्थन में आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होने का संकल्प लिया।
