शनि दोष को करता है शांत, जानें शमी के पौधे को घर में लगाने के फायदे

नई दिल्ली। हिंदू धर्म में पौधों और वृक्षों को केवल पर्यावरण का हिस्सा नहीं, बल्कि देवताओं का स्वरूप माना गया है। जिस तरह तुलसी, पीपल और केले के पेड़ों को पूजनीय स्थान प्राप्त है, उसी प्रकार शमी का पौधा भी अत्यंत शुभ माना जाता है। खासकर शनि ग्रह के प्रभाव को शांत करने के लिए शमी का विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, शमी का पौधा घर में लगाने से न केवल शनि दोष कम होता है बल्कि सुख-शांति और समृद्धि का भी वास होता है।

घर में शमी का पौधा लगाने के लाभ
1. शनि का प्रभाव होता है शांत
शमी का पौधा शनि ग्रह का प्रतिनिधित्व करता है। कहा जाता है कि शनिवार के दिन इस पौधे के नीचे घी का दीपक जलाने से शनि देव प्रसन्न होते हैं और उनके अशुभ प्रभाव कम हो जाते हैं।

2. तुलसी की तरह पूजनीय है शमी
शास्त्रों में शमी को तुलसी के समान पूजनीय बताया गया है। नियमित रूप से इसकी पूजा करने से जीवन में नकारात्मक ऊर्जा कम होती है और मानसिक शांति प्राप्त होती है।

3. घर के वातावरण में आती है शांति
अगर किसी घर में बार-बार झगड़े, विवाद या कलेश होते हैं, तो शमी के पौधे की पूजा से ये सभी समस्याएं दूर हो सकती हैं। बुधवार के दिन इसकी पत्तियां भगवान गणेश को चढ़ाने से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

4. प्रदोष काल में पूजा है विशेष फलदायी
मान्यता है कि प्रदोष काल (शिव को समर्पित काल) में शमी के पौधे की पूजा और उसकी जड़ों में जल अर्पित करना विशेष लाभकारी होता है। इसके बाद घी का दीपक जलाने से घर में सुख-शांति और धन-समृद्धि बनी रहती है।

5. शनि दोष से मिलती है मुक्ति
जिन लोगों की कुंडली में शनि की साढ़ेसाती या ढैय्या चल रही हो, उनके लिए शमी का पौधा वरदान साबित हो सकता है। शमी की पूजा करने से शनि की क्रूर दृष्टि से रक्षा होती है।

डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी सामाजिक और धार्मिक मान्यताओं पर आधारित है। इसका उद्देश्य किसी भी प्रकार की अंधश्रद्धा फैलाना नहीं है। किसी भी उपाय को अपनाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ या पंडित से परामर्श अवश्य लें।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.