फरीदाबाद: लंबित शिकायतों पर सख्त हुए डीसी विक्रम सिंह, समयबद्ध निपटान के निर्देश

समाधान शिविर और सीएम विंडो की शिकायतों की समीक्षा बैठक का आयोजन

फरीदाबाद: हरियाणा सरकार द्वारा स्थापित समाधान शिविरों और सीएम विंडो के माध्यम से आने वाली शिकायतों के निवारण को लेकर अब प्रशासन और अधिक सख्त रुख अपनाने जा रहा है। उपायुक्त विक्रम सिंह ने लघु सचिवालय के बैठक कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबित शिकायतों को हर हाल में जल्द से जल्द निपटाया जाए।

लंबित शिकायतों पर संबंधित अधिकारी होंगे जिम्मेदार
बैठक के दौरान उपायुक्त ने दो टूक कहा कि विगत वर्षों से लंबित शिकायतें अब किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएंगी। उन्होंने पांच वर्षों से लंबित सभी शिकायतों की समग्र जांच कर संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि तय समयसीमा में निस्तारण न होने या रिपोर्ट न देने पर संबंधित अधिकारी/कर्मचारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री स्वयं ले रहे हैं शिकायतों की मॉनिटरिंग
डीसी विक्रम सिंह ने बताया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं समाधान शिविरों और सीएम विंडो की शिकायतों की निगरानी कर रहे हैं। अतः किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी को प्रशासनिक विफलता मानते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि हर शिकायत का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान प्रशासन की जिम्मेदारी है।

रिपोर्ट निर्धारित प्रारूप में भेजना अनिवार्य
उपायुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि समाधान शिविर और सीएम विंडो से प्राप्त शिकायतों की रिपोर्ट हरियाणा सरकार द्वारा निर्धारित परफोर्मा के अनुसार ही भेजी जाए। यदि कोई विभाग निर्धारित प्रारूप में फीडबैक देने में विफल रहता है, तो उसे विलंब मानते हुए संबंधित अधिकारी को जिम्मेदार ठहराया जाएगा।

प्रशासनिक पारदर्शिता को मिलेगी प्राथमिकता
डीसी ने कहा कि यह व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही की ठोस पहल है, जिसमें कोई भी लापरवाही या अस्पष्टता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित
समीक्षा बैठक में डीसीपी उषा कुंडू, एसडीएम फरीदाबाद शिखा, एसडीएम बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज, सीएमओ डॉ. जयंत आहूजा, आरटीए सचिव मुनीश सहगल, सीटीएम अंकित कुमार सहित सभी विभागों के प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.