ऐलनाबाद, 22 अप्रैल ( एमपी भार्गव) ऐलनाबाद थाना पुलिस ने जांच के दौरान महत्वपूर्ण सुराग जुटाते हुए एक अंतर्राज्यीय मोटरसाइकिल चोर को काबू करने में बड़ी सफलता हासिल की है । इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान सुनील कुमार पुत्र ज्ञान चंद निवासी गांव मौजू की ढाणी ऐलनाबाद जिला सिरसा के रुप में हुई है । उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी से पूछताछ के दौरान मोटरसाइकिल चोरी की 7 वारदातों का खुलासा हुआ है । पुलिस अधीक्षक ने बताया कि रविशंकर पुत्र रती राम निवासी गांव नीमला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि बीती 17 अप्रैल 2025 को लक्ष्य लाइब्रेरी ऐलनाबाद में पढ़ने आया था । करीब 10:00 लक्ष्य लाइब्रेरी के बाहर खड़ा करके अंदर चला गया था । सांय करीब 6:00 बजे आकर देखा तो मोटरसाइकिल को कोई अज्ञात व्यक्ति चोरी करके ले गया । पीड़ित की शिकायत के आधार पर ऐलनाबाद थाना में अज्ञात लोगों के खिलाफ मोटरसाइकिल चोरी का अभियोग दर्ज कर जांच शुरु की गई थी । पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने बताया कि बाईक चोरी की वारदातों को सुलझाने के लिए ऐलनाबाद थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर जांच सौंपी थी । जांच के दौरान ऐलनाबाद थाना की एक पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को वाल्मिकी मंदिर तलवाड़ा रोड़ ऐलनाबाद क्षेत्र से काबू कर लिया । पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी ने पूछताछ के दौरान मोटरसाइकिल चोरी की तीन वारदातें राजस्थान के हनुमानगढ़ व मोटरसाइकिल चोरी की चार वारदातें ऐलनाबाद थाना क्षेत्र से चोरी करनी कबूल की है । उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी की निशानदेही पर चोरीशुदा 7 चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद कर लिए है । उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि पहचान छुपाने तथा पुलिस से बचने के लिए मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट बदलकर,चैसिस नंबर मिटा देता था । पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है ।
