संविधान को बचाना जरूरी, तभी देश और समाज रहेगा सुरक्षित : सांसद कुमारी सैलजा

सांसद कुमारी सैलजा ने अंबेडकर जयंती पर प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अर्पित किए श्रद्धासुमन

ऐलनाबाद/सिरसा/हिसार/हांसी,  (एम.पी. भार्गव): अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद कुमारी सैलजा ने सोमवार को सिरसा स्थित अंबेडकर चौक पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर उन्होंने देशवासियों को अंबेडकर जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज सबसे बड़ी जरूरत संविधान को सुरक्षित रखने की है। अगर संविधान सुरक्षित है तो देश और देशवासी भी सुरक्षित रहेंगे।

सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की ली शपथ
सैलजा ने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि हम सभी को मिलकर समाज, देश, 36 बिरादरी और विशेषकर वंचित वर्गों के लिए काम करना चाहिए। बाबा साहेब द्वारा दिखाए गए रास्ते पर चलकर ही हम सामाजिक न्याय, समानता और भाईचारे को बचा सकते हैं।

बाबा साहेब को बताया समाज सुधारक और नारी सम्मान का पक्षधर
उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर न केवल संविधान निर्माता थे, बल्कि समाज सुधारक, अर्थशास्त्री, लेखक और नारी सम्मान के प्रबल समर्थक भी थे। उन्होंने संविधान के माध्यम से नागरिकों को समानता, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, धार्मिक स्वतंत्रता और सामाजिक न्याय का अधिकार सुनिश्चित किया।

हिसार में भी किया माल्यार्पण, बाबा साहेब के विचारों पर चलने का आह्वान
सोमवार सुबह हिसार के लघु सचिवालय में स्थित डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर भी सांसद कुमारी सैलजा ने माल्यार्पण किया। उन्होंने वहां उपस्थित जनों से बाबा साहेब के विचारों का अनुसरण करने की अपील की। इस अवसर पर कई गणमान्य व्यक्ति और समाजसेवी उपस्थित रहे।

भाजपा सरकार पर बोला हमला, कहा– बिजली दरों में बढ़ोतरी तो बस ट्रेलर है
हांसी में रविवार रात पत्रकारों से बातचीत करते हुए सांसद सैलजा ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिजली की दरों में जो बढ़ोतरी हुई है वह तो केवल एक ट्रेलर है, आगे आगे और क्या-क्या होगा, ये देखने की बात है।

नशा, बेरोजगारी और महिला मुद्दों पर भाजपा को घेरा
सैलजा ने कहा कि प्रदेश में नशे की हालत बेहद गंभीर हो चुकी है और बेरोजगारी चरम पर है। भाजपा सरकार इन मुद्दों पर पूरी तरह मौन है। महिलाओं के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने हिसार एयरपोर्ट के कई बार हुए उद्घाटनों पर चुटकी लेते हुए कहा कि अब देखना है कि इसका उद्घाटन और कितनी बार होगा।

शोक व्यक्त करने पहुंची, कांग्रेस नेताओं की उपस्थिति
हांसी में कांग्रेस नेता तेलुराम जांगड़ा की बेटी के निधन पर शोक व्यक्त करने आई सैलजा ने मीडिया से संवाद के दौरान इन तमाम मुद्दों को उठाया। इस अवसर पर कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.