हिसार एयरपोर्ट से दिल्ली-अयोध्या फ्लाइट शुरू: किराया तय, 10 घंटे की बचत; हफ्ते में दो दिन उड़ेगी फ्लाइट

ऐलनाबाद, हरियाणा (एम पी भार्गव): हरियाणा के हिसार एयरपोर्ट से दिल्ली और अयोध्या के लिए फ्लाइट सेवा जल्द ही शुरू होने जा रही है। इन रूट्स का किराया तय कर दिया गया है। हिसार से अयोध्या का किराया ₹3,393 और अयोध्या से हिसार का ₹3,730 रहेगा। वहीं हिसार से दिल्ली के लिए ₹1,300 किराया तय किया गया है। यात्रियों को 15 किलो तक का सामान निशुल्क ले जाने की अनुमति होगी। इससे अधिक वजन होने पर अतिरिक्त शुल्क देना होगा।

14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या जाने वाली पहली फ्लाइट को हरी झंडी दिखाएंगे। यह फ्लाइट सेवा हर शुक्रवार और रविवार को संचालित होगी। अभी हिसार से अयोध्या कार से करीब 12 घंटे लगते हैं, लेकिन फ्लाइट से यह सफर केवल 2 घंटे में पूरा हो जाएगा। साथ ही किराया भी कार यात्रा की तुलना में तीन गुना कम होगा।

दो घंटे में बिक गईं टिकटें, अगली बुकिंग 18 अप्रैल की
70 सीटर एटीआर विमान की टिकटें शुक्रवार शाम करीब साढ़े आठ बजे बिक्री के लिए खोली गईं, और महज दो घंटे में सभी टिकटें बिक गईं। अब 18 अप्रैल की बुकिंग शुरू हो चुकी है। टिकट बुकिंग एलायंस एयर एविएशन की वेबसाइट पर ऑनलाइन की जा रही है।

उड़ान का समय और रूट
हिसार से अयोध्या की फ्लाइट सुबह 10:40 बजे उड़ान भरेगी और दोपहर 12:40 बजे अयोध्या पहुंचेगी। यह विमान हर शुक्रवार और रविवार को ही चलेगा। अयोध्या जाने वाली फ्लाइट दिल्ली से होकर हिसार पहुंचेगी, फिर वहां से अयोध्या के लिए रवाना होगी। भविष्य में जम्मू, जयपुर और अहमदाबाद के लिए भी उड़ानें शुरू होने की योजना है।

शाम के बाद फ्लाइट नहीं
हिसार एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग की सुविधा अभी उपलब्ध नहीं है। ऐसे में शाम 6:30 बजे के बाद किसी भी फ्लाइट की लैंडिंग नहीं हो सकेगी। दिन में ही छह अलग-अलग स्थानों के लिए उड़ानें संचालित होंगी।

सफल रहा ट्रायल रन
28 मार्च को हिसार एयरपोर्ट पर ट्रायल फ्लाइट का सफल संचालन हुआ। एलायंस एयर का 70 सीटर एटीआर विमान दोपहर 1 बजे दिल्ली से हिसार पहुंचा। लैंडिंग के बाद वाटर सैल्यूट देकर विमान का स्वागत किया गया। विमान ने दो घंटे तक एयरपोर्ट पर मौजूद रहकर फिर से दिल्ली के लिए उड़ान भरी।

CISF के हवाले सुरक्षा
हिसार एयरपोर्ट की सुरक्षा का जिम्मा CISF को सौंपा गया है। वर्तमान में हरियाणा पुलिस की थर्ड बटालियन के 300 जवान सुरक्षा में तैनात हैं। भविष्य में इन्हें गेट के बाहर सुरक्षा में लगाया जा सकता है।

वन्य जीवों को हटाया गया
एयरपोर्ट परिसर में मौजूद नीलगाय, गीदड़, जंगली सुअर और आवारा कुत्तों को हटाने के लिए वन्य प्राणी विभाग की 12 सदस्यीय टीम ने दो दिनों में ऑपरेशन पूरा किया। 15 से अधिक नीलगायों सहित अन्य पशुओं को बीड के जंगलों में सुरक्षित छोड़ा गया है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.