पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी के निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी समेत कई नेताओं ने जताया शोक

राजकीय सम्मान के साथ होगा सुशील मोदी का अंतिम संस्कार

नई दिल्ली। बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री व पूर्व राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी का 13 मई की रात निधन हो गया. दिल्ली एम्स में उन्होंने आखिरी सांस ली. सुशील कुमार मोदी गले के कैंसर से पीड़ित थे. सुशील कुमार मोदी का दिल्ली एम्स में इलाज चल रहा था. बता दें कि सुशील कुमार मोदी ने कुछ दिन पहले एक्स पर कैंसर की जानकारी देते हुए लिखा था कि पीएम मोदी की इसकी जानकारी दे दी है. वो लोकसभा चुनाव के प्रचार अभियान में नहीं रहेंगे.

पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी के निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम नरेंद्र मोदी, सीएम नीतीश कुमार, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, एमपी के सीएम डॉ. मोहन यादव, राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत देश के सभी वरीय नेताओं ने शोक जताया।

राजकीय सम्मान के साथ होगा सुशील मोदी का अंतिम संस्कार
सीएम नीतीश कुमार के अस्वस्थ होने की खबर आने से पहले मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से एक चिट्ठी जारी की गई। इसमें लिखा गया है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पूर्व उपमुख्यमंत्री और पूर्व राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी के निधन पर मर्माहत हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर स्व. सुशील कुमार मोदी का पार्थिव शरीर दिल्ली से पटना विशेष विमान से लाया जायेगा। उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ संपन्न होगा।

जागृत सामाजिक कार्यकर्ता व कुशल राजनीतिक नेता को हमने खोया- डॉ. मोहन भागवत
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर संघचालक डॉ. मोहन भागवत ने कहा कि पूर्व उपमुख्यमंत्री व सांसद सुशील कुमार मोदी के अचानक निधन से अत्यंत दुःख हुआ। इस समय हम सब की भावना उनके परिवार तथा असंख्य मित्र-प्रशंसकों के साथ है। संघ के निष्ठावान स्वयंसेवक एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री रहे सुशील जी सारे देश विशेषतः बिहार की चिंता करते थे। उनके निधन से एक जागृत सामाजिक कार्यकर्ता व कुशल राजनीतिक नेता को हमने खोया है। वे सार्वजनिक जीवन में सैद्धांतिक निष्ठा व पारदर्शिता के आदर्श उदाहरण थे। उनके परिवार को अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि उन्हें दुःख सहन करने की शक्ति दे तथा दिवंगत आत्मा को सद्गति प्रदान करे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.