पुलिस लाइन बदायूँ में 35,000 दीपों से जगमगाया दीपोत्सव — वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में मनाया गया भव्य आयोजन
बदायूँ। दीपावली पर्व के शुभ अवसर पर #MissionShakti5 के अन्तर्गत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ डॉ. बृजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में रिजर्व पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में भव्य दीपोत्सव एवं दीपावली मेले का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस परिवार एवं अधिकारियों ने मिलकर 35,000 दीप प्रज्वलित कर पूरे परिसर को जगमगा दिया।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर विजयेन्द्र द्विवेदी, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. ह्रदेश कठेरिया, क्षेत्राधिकारी नगर रजनीश कुमार उपाध्याय, क्षेत्राधिकारी उझानी डॉ. देवेन्द्र कुमार, क्षेत्राधिकारी यातायात अशोक कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी बिसौली सुनील कुमार, पुलिस उपाधीक्षक प्रशिक्षु गौरव उपाध्याय, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारीगण एवं पुलिस परिवार के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पी.एम.एस. के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिनमें देशभक्ति गीतों और नृत्य प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में रंगोली टीम, दीप प्रज्वलन टीम, पी.एम.एस. विद्यार्थियों एवं प्रतिसार निरीक्षक मय सहयोगी टीम को ₹5000-₹5000 के नगद पुरस्कार तथा स्पोर्ट्स टीम को ₹2000 का नगद पुरस्कार प्रदान किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने इस दीपोत्सव में सहभागिता करने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और पुलिस परिवार के सदस्यों की सराहना की। उन्होंने कहा —
“दीपावली अंधकार पर प्रकाश और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। यह पर्व हमें एकता, सौहार्द और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देता है।”
दीपोत्सव कार्यक्रम ने पुलिस परिवार में एकता, उत्साह और उमंग का नया संचार किया। पूरे पुलिस लाइन परिसर में दीपों की जगमगाहट ने उत्सव का माहौल और अधिक भव्य बना दिया।
