विश्व पर्यावरण दिवस पर श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय में 101 पौधों का रोपण, “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को मिला उत्साहपूर्ण समर्थन
ऐलनाबाद , 5 जून( एम पी भार्गव ) शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी संस्थान श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय, हनुमानगढ़ के कृषि विज्ञान संकाय द्वारा छात्र कल्याण संगठन स्पंदन के अंतर्गत संचालित वसुदा एवं सद्भाव क्लब के तत्वावधान में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भव्य पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत विश्वविद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के लगभग 101 पौधों का रोपण किया गया। इनमें जामुन, बकैन, शीशम, गुलमोहर, नीम,पीपल, अमलतास, चक्रेसिया सहित अनेक छायादार एवं पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पौधे शामिल रहे।
यह पौधारोपण कार्यक्रम भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ किए गए “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया। इस अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को अपनी माँ के सम्मान में एक पौधा लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करना है।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश को साझा करते हुए बताया गया कि “एक पेड़ माँ के नाम अभियान केवल वृक्षारोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक भावनात्मक एवं सामाजिक संकल्प है। वृक्ष पृथ्वी के संरक्षण, जलवायु संतुलन और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए तथा उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।”
इस अवसर पर श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और घटते हरित क्षेत्र मानव जीवन के लिए गंभीर चुनौती बनते जा रहे हैं। ऐसे में वृक्षारोपण केवल एक औपचारिक गतिविधि नहीं बल्कि समाज और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारा नैतिक दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे केवल पौधे लगाकर ही नहीं, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लेकर पर्यावरण संरक्षण की इस मुहिम को जन-जन तक पहुंचाएं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं। वृक्ष हमें शुद्ध वायु, छाया, औषधियां तथा पर्यावरणीय संतुलन प्रदान करते हैं। यदि आज वृक्षों का संरक्षण नहीं किया गया तो भविष्य में जल संकट, तापमान वृद्धि तथा प्रदूषण जैसी समस्याएं और गंभीर रूप धारण कर सकती हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पौधारोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली।
इस अवसर पर आईक्यूएसी निदेशक डॉ.अवधेश शर्मा, रजिस्ट्रार डॉ. मयंक माथुर, डॉ. विक्रम सिंह ओलख, कृषि विज्ञान संकाय के विभागाध्यक्ष डॉ. अंकित कुमार, एनएसएस छात्रा इकाई समन्वयक डॉ. स्वाति ओझा, सद्भाव क्लब एवं एनएसएस छात्र इकाई के समन्वयक मदन लाल शर्मा सहित कृषि विज्ञान संकाय तथा एनएसएस के अनेक विद्यार्थियों ने सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के सफल आयोजन में वसुदा एवं ,सद्भाव क्लब एवं कृषि विज्ञान संकाय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
