रामबास झोपड़ी में मुर्गी पालन केंद्र से 100 क्विंटल मुर्गियों की डकैती, हथियारबंद बदमाशों ने फैलाई दहशत

चार गाड़ियों में भरकर ले गए मुर्गियां, तीन वाहन ग्रामीणों ने किए जब्त

तिजारा। निकटवर्ती रामबास झोपड़ी गांव में बीती रात करीब 1:30 बजे एक सनसनीखेज डकैती की वारदात सामने आई, जिसमें 25 से 30 हथियारबंद बदमाश सात वाहनों में सवार होकर मुर्गी पालन केंद्र पर पहुंचे और वहां धावा बोल दिया। डकैत करीब 100 क्विंटल मुर्गियां चार गाड़ियों में भरकर ले गए, जबकि तीन गाड़ियां ग्रामीणों ने मौके पर जब्त कर लीं।

जानकारी के अनुसार, जैसे ही डकैत फार्म पर पहुंचे, उन्होंने वहां सो रहे मजदूरों पर कट्टा तान दिया और मारपीट कर उन्हें चुप रहने को कहा। इस दौरान एक महिला श्रमिक के साथ मारपीट और छेड़छाड़ की भी घटना हुई। अन्य पुरुष कर्मचारियों को भी पीटा गया और डराया-धमकाया गया।

मुर्गी फार्म के साझेदार नरेश यादव और मौसम खान ने बताया कि वारदात की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई, जिस पर शेखपुर अहीर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

इस डकैती से गांव में भय और आतंक का माहौल है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है, और चेतावनी दी है कि यदि कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन करेंगे। घटनास्थल पर बनवारी लाल, राकेश एडवोकेट, छोटेलाल, मनोज, महेंद्र, हीरालाल, हमीद, रोहितास राजपूत सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.