बदायूं में विश्व क्षय रोग दिवस मनाया गया, टीबी मुक्त अभियान को मिला बढ़ावा

बदायूं। प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत विश्व क्षय रोग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में 24 मार्च को जिला पंचायत सभागार बदायूं में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामेश्वर मिश्रा रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत राज अधिकारी याबर अब्बास एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोहन झा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. विनेश कुमार ने की।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। जिला क्षय रोग अधिकारी ने स्वागत उद्बोधन देते हुए टीबी मुक्त पंचायत अभियान और 100 दिवसीय विशेष टीबी अभियान के द्वितीय चरण की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनपद की 1037 ग्राम पंचायतों में से 50 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया जा चुका है, जिसमें विभिन्न ब्लॉकों का योगदान रहा है।

इन टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों को प्रशस्ति पत्र एवं महात्मा गांधी की कांस्य प्रतिमा से सम्मानित किया गया। लगातार दूसरी बार टीबी मुक्त रहने वाली पंचायतों को सिल्वर प्रतिमा देकर सम्मानित किया गया।

इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और सहयोगियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बृजेश कुमार राठौर ने क्षय रोग के लक्षण, जांच, इलाज और बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

बताया गया कि टीबी मरीजों को भारत सरकार द्वारा डीबीटी के माध्यम से 1000 रुपये प्रतिमाह सहायता दी जा रही है। जांच में टीबी की पुष्टि होने पर 3000 रुपये की अग्रिम किस्त तथा 84 दिन की दवा पूरी करने पर 3000 रुपये की दूसरी किस्त प्रदान की जाती है।

जिला पंचायत राज अधिकारी ने ग्राम प्रधानों से अपील की कि वे अपनी ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास करें। लगातार तीन वर्षों तक टीबी मुक्त रहने वाली पंचायतों को गोल्ड प्रतिमा से सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान जिला क्षय रोग अधिकारी द्वारा पांच टीबी मरीजों को गोद लेकर पोषण पोटली वितरित की गई। वहीं डॉ. सत्यपाल जयदेवी ट्रेनिंग सेंटर द्वारा 10 टीबी मरीजों को गोद लेकर सहायता प्रदान की गई।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने टीबी के जांच और इलाज की आधुनिक सुविधाओं की जानकारी देते हुए बताया कि अब सीबी नाट और ट्रू नाट मशीनों के माध्यम से मात्र 2 घंटे में रिपोर्ट उपलब्ध हो जाती है। यह सुविधा जिला अस्पताल, राजकीय मेडिकल कॉलेज सहित सभी सीएचसी और ब्लॉक पीएचसी पर उपलब्ध है।

कार्यक्रम का संचालन बृजेश राठौर ने किया, जबकि अंत में जिला क्षय रोग अधिकारी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में क्षय रोग विभाग के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.