जनपद में आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति को और अधिक गति देने के उद्देश्य से बरेली रोड स्थित भारत गार्डन में जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में समस्त एमओआईसी, एएनएम, आशा, सीडीपीओ, आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियां, एडीओ पंचायत, राशन कोटेदारों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों के अधिक से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए शत-प्रतिशत पात्र परिवारों को योजना का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने पात्रता के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के अंतर्गत भारत सरकार द्वारा चिन्हित ऐसे परिवार, जो अन्त्योदय राशन कार्ड धारक हैं या वर्ष 2011 के एसईसीसी डेटा में सूचीबद्ध हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर कार्ड बनाए जाएं। इसके अतिरिक्त श्रम कार्ड धारक, जिनके श्रम कार्ड पात्र गृहस्थी राशन कार्ड से लिंक हैं तथा आयुष्मान पोर्टल पर प्रदर्शित हो रहे हैं, उन्हें भी योजना से आच्छादित किया जाए। पात्र गृहस्थी राशन कार्ड धारकों के ऐसे परिवार जिनमें 6 या उससे अधिक सदस्य हैं और जिनका नाम पोर्टल पर प्रदर्शित है, साथ ही 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को अनिवार्य रूप से आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराया जाए।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि आयुष्मान ऑपरेटर आईडी के माध्यम से प्रतिदिन अधिकतम संख्या में कार्ड बनाए जाएं। उन्होंने सीएचसी अधीक्षकों की जिम्मेदारी तय करते हुए कहा कि प्रत्येक सप्ताह आयुष्मान कार्ड निर्माण की नियमित समीक्षा की जाए और प्रगति सुनिश्चित की जाए। यदि किसी क्षेत्र में प्रगति संतोषजनक नहीं पाई जाती है तो संबंधित कर्मचारी एवं अधिकारी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने जनपद की प्रगति की समीक्षा करते हुए बताया कि कुल 1337 आयुष्मान ऑपरेटर आईडी के सापेक्ष मात्र 826 आईडी ही सक्रिय पाई गईं, जिस पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की और इसे तत्काल सुधारने के निर्देश दिए।
कार्यशाला में जिलाधिकारी ने कहा कि आयुष्मान कार्ड गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा का एक सशक्त माध्यम है, जिससे पात्र परिवारों को गंभीर बीमारियों के उपचार हेतु आर्थिक सहायता मिलती है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि विशेष शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं, वहीं पूर्ति विभाग को राशन कार्ड धारकों का सत्यापन कर पात्र लाभार्थियों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने फैमिली आईडी योजना के महत्व पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि फैमिली आईडी न होने की स्थिति में पेंशन, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास, सामूहिक विवाह सहित केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में कठिनाई होगी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी पात्र लाभार्थियों की फैमिली आईडी शीघ्रता से बनाई जाए ताकि कोई भी व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को लक्ष्य निर्धारित कर समयबद्ध ढंग से कार्य करने के निर्देश दिए तथा स्पष्ट किया कि आयुष्मान कार्ड निर्माण अभियान को जनपद में मिशन मोड में संचालित किया जाए, जिससे अधिक से अधिक पात्र परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिल सके।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चन्द्र, मुख्य चिकित्साधिकारी डा दीपा सिंह, जिला पंचायतराज अधिकारी नत्थूलाल गंगवार, जिला कार्यक्रम अधिकारी धमेन्द्र कुमार मिश्रा उपस्थित रहे।
मैं शाहबाज़ खान पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हूं और वर्तमान में खबरें जंक्शन चैनल में रामपुर ब्यूरो के रूप में कार्यरत हूं। पत्रकारिता के प्रति मेरी प्रतिबद्धता, निष्पक्षता और निर्भीक कार्यशैली ने मुझे इस क्षेत्र में एक अलग पहचान दिलाई है।
मेरी प्रारंभिक शिक्षा सुगरा चिल्ड्रन एकेडमी (इंग्लिश मीडियम) में नर्सरी से कक्षा 5 तक हुई। इसके बाद कक्षा 6 से इंटरमीडिएट तक की शिक्षा सुंदर लाल इंटर कॉलेज, रामपुर से प्राप्त की। वर्ष 2014 में हाईस्कूल तथा 2016 में इंटरमीडिएट उत्तीर्ण किया। इसके उपरांत मैंने भौतिक विज्ञान (Physics), रसायन विज्ञान (Chemistry) एवं जीव विज्ञान (Biology) विषयों के साथ स्नातक की डिग्री प्राप्त की।
मैं वर्ष 2013 से पत्रकारिता के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हूं। अपने करियर के दौरान समाचार प्लस, समाचार टुडे, इंडिया वॉइस जैसे प्रतिष्ठित न्यूज़ चैनलों तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख प्रिंट मीडिया संस्थान में भी कार्य कर चुका हूं। मुझे राजनीतिक, सामाजिक, प्रशासनिक, अपराध, विकास एवं जनहित से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है।
मैं हर प्रकार की खबर को तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष और जिम्मेदारी के साथ प्रस्तुत करता हूं। मेरी कोशिश हमेशा जनता की आवाज़ को प्रशासन और शासन तक पहुंचाने की रही है। इसी कार्यशैली के कारण मेरे संस्थान ने हमेशा मुझ पर विश्वास जताया है।
वर्ष 2013 से अब तक हुए सभी लोकसभा एवं विधानसभा चुनावों की ग्राउंड कवरेज के दौरान उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए मुझे जिला प्रशासन द्वारा कई प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए हैं। जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के कारण मुझे कई बार कानूनी चुनौतियों और मुकदमों का भी सामना करना पड़ा, लेकिन मैंने हमेशा निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता के सिद्धांतों का पालन किया।
वर्तमान में वर्ष 2024 से ग्रामीण आंचलिक पत्रकार एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष के रूप में भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहा हूं। पत्रकारिता के साथ-साथ समाज सेवा के क्षेत्र में भी मेरी सक्रिय भागीदारी रही है। पिछले 13 वर्षों में विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक एवं गैर-सरकारी संगठनों (NGOs) द्वारा मुझे उत्कृष्ट कार्यों के लिए अनेक सम्मान-पत्र, ट्रॉफी, मोमेंटो, मेडल एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए हैं।
मेरा उद्देश्य सदैव निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी पत्रकारिता के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग की आवाज़ को बुलंद करना तथा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की गरिमा को बनाए रखना है।
