लखीसराय में महिला फुटबॉल लीग शुरू,डीएम मिथिलेश मिश्र तथा विधायक रामानंद मंडल ने किया उद्घाटन

32 टीमों की 400 खिलाड़ियों ने लिया भाग

लखीसराय(सरफराज आलम)लखीसराय के किऊल स्थित खेल के मैदान में बिहार फुटबॉल एसोसिएशन के बैनर तले महिला फुटबॉल लीग का भव्य शुभारंभ किया गया।डीएम मिथिलेश मिश्र तथा सूर्यगढ़ा के विधायक रामानंद मंडल के द्वारा संयुक्त रूप से महिला फुटबॉल लीग का उद्घाटन किया गया।इस आयोजन ने जिले में महिला खेल प्रतिभागियों को एक नया मंच प्रदान किया है। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों से कुल 32 टीमों की 400 महिला खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।खिलाड़ियों में जबरदस्त जोश और खेल भावना देखने को मिली।महिला फुटबॉल लीग मैच के उद्घाटन अवसर पर अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साह वर्धन किया।मैदान में उपस्थित दर्शकों ने भी तालियों की गड़गड़ाहट से खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।इस अवसर पर डीएम मिथिलेश मिश्र ने कहा कि लखीसराय जिले के लिए गर्व की बात है कि जिले के विभिन्न विद्यालयों की 32 टीमों की लगभग 400 लड़कियां इस फुटबाल लीग में हिस्सा ले रही है।उन्होंने बताया कि इस लीग मैच का मुख्य उद्देश्य प्रतिभाशाली महिला खिलाड़ियों की पहचान करना है।बेहतर प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को जिला फुटबॉल एसोसिएशन में शामिल किया जाएगा तथा मार्च में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय महिला फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए चयनित किया जाएगा।डीएम ने आगे बताया कि इस लीग मैच के माध्यम से 60 महिला खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि वे राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर सकें और लखीसराय जिले का नाम रौशन करें।वहीं सूर्यगढ़ा विधायक रामानंद मंडल ने महिला फुटबॉल लीग में शामिल सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और खेल के क्षेत्र में उनकी भागीदारी प्रेरणादायक है।मौके पर बिहार राज्य महिला आयोग की सदस्य पिंकी कुशवाहा, मुखिया दीपक कुमार,जूली कुमारी सहित कई गण्यमान्य लोग मौजूद थे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.