- रिपोर्ट: प्राची सिंह
फरहान अख्तर की फिल्म ‘डॉन 3’ से अलग होने के बाद अभिनेता रणवीर सिंह लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। खबरों के मुताबिक FWICE ने रणवीर सिंह को नोटिस जारी करते हुए इंडस्ट्री से बैन कर दिया है। इसका मतलब यह है कि फिल्म इंडस्ट्री की यूनियन से जुड़े क्रू मेंबर्स उनके साथ काम नहीं करेंगे।
बताया जा रहा है कि रणवीर सिंह की हामी के बाद फरहान अख्तर ने फिल्म पर काम शुरू कर दिया था, जिससे उन्हें करीब 45 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि इस पूरे मामले पर सोशल मीडिया और इंडस्ट्री में अलग-अलग राय सामने आ रही हैं। कुछ लोग रणवीर के फैसले को सही ठहरा रहे हैं तो कुछ इसे गलत बता रहे हैं।
‘डॉन 3’ में अब कौन होगा नया हीरो?
रणवीर सिंह के फिल्म छोड़ने के बाद अब ‘डॉन 3’ के लिए दो बड़े सितारों के नाम सामने आ रहे हैं। इनमें बॉलीवुड के किंग खान शाहरुख खान और अभिनेता ऋतिक रोशन शामिल हैं।
हालांकि शाहरुख खान पहले ही इस फिल्म को करने से इनकार कर चुके हैं। वहीं ऋतिक रोशन ने भी इन खबरों को सिर्फ अफवाह बताया था। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर दोनों सितारों के नाम लगातार चर्चा में बने हुए हैं।
क्या कैमियो करेंगे शाहरुख?
शुरुआत में ऐसी खबरें आई थीं कि शाहरुख खान फिल्म में कैमियो कर सकते हैं, लेकिन बाद में इन खबरों को गलत बताया गया। वहीं ऋतिक रोशन को लेकर कहा जा रहा है कि अगर फरहान अख्तर उन्हें अप्रोच करते हैं तो शायद बात बन सकती है।
रणवीर सिंह ने क्यों छोड़ी फिल्म?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक रणवीर सिंह फिल्म में ज्यादा डार्क किरदार और बड़े एक्शन सीक्वेंस चाहते थे। कहा जा रहा है कि वह स्क्रिप्ट में बदलाव को लेकर मेकर्स पर दबाव बना रहे थे। वहीं कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया कि फिल्म की शूटिंग और प्रोडक्शन में लगातार हो रही देरी से रणवीर नाखुश थे, जिसके चलते उन्होंने फिल्म से दूरी बना ली।
