गुस्ताखी माफ़ हरियाणा – पवन कुमार बंसल
क्या करें जब भैंस गुम हो जाए ?
यूपी के समाजवादी नेता आजम खान की भैंस चोरी हुई तो पुलिस की सारी मशीनरी सक्रिय हो गई तो दिलजलों ने हंगामा कर दिया। इसी तर्ज पर हरियाणा में रोहतक जिले के महम कस्बे में एक बुढ़िया की भैंस गुम हो गई थीं । थाने में गई लेकिन वो कोई आजम खान तो थीं नहीं कि तुरंत सुनवाई होती। वैसे भी हरियाणा पुलिस को और काम थोड़े हैं जो भैसों का पता लगाती फिरे ।
कुछ दिनों बाद मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला महम आए हुए थे । जनता दरबार लगाकर लोगों की शिकायत सुनते थे। बुढ़िया ने दरबार में चौटाला से अपनी भैंस का पता लगाने की फरियाद की थी । चौटाला ने हाथ खड़े करते हुए कहा इसमें वे क्या कर सकते हैं । बुढ़िया भी अपनी जगह सही थी । भैंस का दूध बेच कर उसका घर चलता था। तपाक से बोली कि आप नहीं कुछ करोगे तो और कौन करेगा। चौटाला ने कुछ सोचकर एस.पी से कहा कि इसकी भैंस का पता लगाओ। गौरतलब है कि हरियाणा के मुर्राह नस्ल की भैंस अपने दमदार दूध की गुणवत्ता के कारण पूरी दुनिया में मशहूर है । हाल ही में एक भैंस दो लाख रूपए में बिक गई ।
एक बड़े पुलिस अधिकारी का विदेशी कुतिया स्टेफी गुम हो गई थी । पता चला कि स्टेफी अपने देसी कुत्तों के साथ भाग गई है । बस सारे थानों में वायरलैस पर संदेश दे दिए गए । जब स्टेफी मिल गई तब पुलिस की जान में जान आई i
