अमृतसर पुलिस की बड़ी कामयाबी, ड्रोन के जरिए आए 6 हथियारों सहित मॉड्यूल का भंडाफोड़
पाकिस्तानी लिंक वाले गिरोह के 3 आरोपी गिरफ्तार, 6 पिस्तौल बरामदसोशल मीडिया के जरिए होती थी सप्लाई, पुलिस द्वारा फाइनेंशियल ट्रेल की जांच जारी
अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस को एक बड़ी सफलता हासिल हुई है, जिसमें ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से भेजे गए हथियारों के मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया गया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से कई पिस्तौल बरामद किए हैं।
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि यह पूरी कार्रवाई मुख्यमंत्री के निर्देशों के तहत चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से हथियार भेजे जाते थे और सोशल मीडिया ऐप्स जैसे व्हाट्सऐप के माध्यम से उनकी डिलीवरी के लिए निर्देश दिए जाते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में मंगल सिंह मंगा (30 वर्ष), प्रणव शर्मा उर्फ लड्डू (24 वर्ष) और गौरव राणा (25 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इनमें से दो के खिलाफ पहले भी मामले दर्ज हैं, जबकि गौरव राणा के खिलाफ कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
जांच में सामने आया है कि आरोपी पैसों के लालच में ड्रोन से गिराए गए हथियारों को उठाकर आगे गैंगस्टरों या आतंकी मॉड्यूल तक पहुंचाते थे। यह पूरा नेटवर्क विदेश में बैठे हैंडलरों से जुड़ा हुआ था।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि इस मामले में और भी लिंक सामने आ रहे हैं और पुलिस फाइनेंशियल ट्रेल की गहराई से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही और बड़े खुलासे होने की संभावना है।
