देश की जीवनरेखा कही जाने वाली भारतीय रेलवे के नेटवर्क से हर दिन लाखों यात्री सफर करते हैं। समय पर ट्रेन पकड़ने के लिए लोग पहले ही घर से निकलते हैं, लेकिन कई बार तमाम कोशिशों के बावजूद ट्रेन छूट जाती है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही होता है—क्या उसी टिकट पर दूसरी ट्रेन में सफर किया जा सकता है?
जनरल टिकट वालों के लिए क्या नियम?
अगर आपके पास अनारक्षित (जनरल) टिकट है, तो आपके पास सीमित विकल्प होता है। आप उसी रूट पर चलने वाली दूसरी पैसेंजर ट्रेन में सफर कर सकते हैं, लेकिन यह सुविधा सीमित समय के लिए ही होती है।
आमतौर पर जनरल टिकट केवल 3 घंटे तक या फिर टिकट लेने के बाद उस रूट की पहली उपलब्ध ट्रेन तक ही मान्य होता है। इसके बाद यात्रा करने पर टिकट अमान्य माना जाएगा।
रिजर्वेशन टिकट पर क्या होगा?
अगर आपने स्लीपर, थर्ड एसी या किसी भी आरक्षित श्रेणी का टिकट लिया है और आपकी ट्रेन छूट गई है, तो वह टिकट बेकार हो जाता है।
आरक्षित टिकट एक विशेष ट्रेन, कोच और सीट के लिए होता है। जैसे ही ट्रेन रवाना होती है, उस सीट पर आपका अधिकार समाप्त हो जाता है। ऐसे में आप उसी टिकट पर दूसरी ट्रेन में यात्रा नहीं कर सकते।
प्रीमियम ट्रेनों में सख्ती
कई लोग सोचते हैं कि जनरल टिकट लेकर किसी भी ट्रेन के जनरल कोच में बैठ सकते हैं, लेकिन ऐसा नहीं है। मेल, एक्सप्रेस, सुपरफास्ट, राजधानी, शताब्दी और वंदे भारत जैसी प्रीमियम ट्रेनों में साधारण जनरल टिकट मान्य नहीं होता। इन ट्रेनों के लिए अलग से टिकट लेना जरूरी होता है।
क्या मिलेगा रिफंड?
अगर आपकी गलती से ट्रेन छूट जाती है, तो आमतौर पर टिकट का रिफंड नहीं मिलता। चार्ट बनने और ट्रेन के प्रस्थान के बाद रिफंड पाना लगभग असंभव होता है।
जुर्माना और कानूनी कार्रवाई
यदि आप छूटी हुई ट्रेन का टिकट लेकर दूसरी ट्रेन में सफर करते पकड़े जाते हैं, तो टीटीई आपको बिना टिकट यात्री मान सकता है। ऐसी स्थिति में पूरा किराया और जुर्माना देना पड़ सकता है।
जुर्माना देने से इनकार करने या विवाद करने पर मामला गंभीर हो सकता है और रेलवे पुलिस कार्रवाई कर सकती है।
क्या करें ऐसी स्थिति में?
यात्रा को सुरक्षित और तनावमुक्त बनाने का सबसे अच्छा तरीका है समय का ध्यान रखना। अगर ट्रेन छूट जाए, तो जोखिम लेने के बजाय स्टेशन काउंटर पर जाकर नई टिकट व्यवस्था करना ही बेहतर विकल्प है।
Snigdha Srivastava
