- रिपोर्ट- मंजय वर्मा
मीरजापुर। थाना विन्ध्याचल पुलिस ने विवाहिता को बहला-फुसलाकर भगाने व जबरन धर्म परिवर्तन कराने के गंभीर आरोप में एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना की शुरुआत 28 जुलाई 2025 को हुई जब एक व्यक्ति ने थाना विन्ध्याचल में लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसकी विवाहित पुत्री को एक युवक बहला-फुसलाकर भगा ले गया और धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास कर रहा है।
प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना विन्ध्याचल पर मुकदमा संख्या 254/2025 अंतर्गत धारा 84 बीएनएस व धारा 3/5(1) विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक विन्ध्याचल को अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
निर्देशों के अनुपालन में उप-निरीक्षक शशिभूषण मय पुलिस टीम द्वारा आज 29 जुलाई 2025 को मुखबिर की सूचना पर थाना विन्ध्याचल क्षेत्र के गैपुरा तिराहा से अभियुक्त शाहरूख पुत्र शैकत अली, निवासी पवारी खुर्द थाना हलिया, जनपद मीरजापुर को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी के पश्चात अभियुक्त के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्यवाही करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
मामले की विवेचना जारी है और पुलिस टीम घटना से संबंधित सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।
