- रिपोर्ट- मंजय वर्मा
मिर्जापुर: विंध्यउपज किसान उत्पादक कंपनी लिमिटेड की वार्षिक आमसभा (एजीएम) का आयोजन आज उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर कंपनी के निर्देशक मंडल के सभी सदस्य तथा लगभग दो सौ महिला कृषक बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं, जिससे बैठक को विशेष महत्व प्राप्त हुआ।
यह आमसभा समुन्नति फाउंडेशन एवं कॉर्टेवा एग्रीसाइंस के सहयोग से सम्पन्न हुई। कार्यक्रम में समुन्नति फाउंडेशन से परियोजना प्रबंधक अरविन्द सिंह एवं अनुराग सिंह, तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) से जिला मिशन प्रबंधक सरोज पांडेय ने अपनी उपस्थिति दर्ज की।
बैठक में गत वर्ष की गतिविधियों एवं उपलब्धियों की समीक्षा की गई और आगामी वर्ष की योजनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। विशेष रूप से किसानों की आय में वृद्धि, बाजार से बेहतर जुड़ाव तथा महिला कृषकों को और अधिक सशक्त बनाने जैसे विषयों पर चर्चा की गई।
महिला कृषकों ने भी सक्रिय भागीदारी करते हुए अपने अनुभव एवं सुझाव साझा किए। निदेशक मंडल ने किसानों के सहयोग और विश्वास के प्रति आभार व्यक्त किया तथा आश्वासन दिया कि आने वाले समय में कंपनी किसानों के हितों को ध्यान में रखकर नई पहल करेगी।
इस अवसर पर महिला कृषकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति ने न केवल एजीएम को सार्थक बनाया बल्कि किसान उत्पादक संगठनों की दिशा में महिलाओं की मजबूत भूमिका को भी रेखांकित किया।
