रामपुर जिले में आसमान में उड़ रहे ड्रोन से ग्रामीणों में दहशत, रातभर जागते रहे लोग

पुलिस प्रशासन की अपील: घबराएं नहीं, सतर्क रहें

रामपुर। जिले के ग्रामीण इलाकों में बीते कुछ दिनों से रात के समय आसमान में उड़ते ड्रोन देखे जाने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया है। कई गांवों में रातभर लोग जागकर निगरानी करते नजर आ रहे हैं। मोहल्लों में बच्चे-बुजुर्ग सभी भयभीत हैं और लोग अपने घरों से बाहर निकलकर आसमान की ओर नजरें गड़ाए हुए हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि अक्सर एक साथ चार से पांच ड्रोन आसमान में उड़ते हुए दिखाई देते हैं, जिससे उनकी नींद उड़ गई है। लोग आशंका जता रहे हैं कि कहीं इन ड्रोन का उपयोग चोरी या जासूसी जैसी घटनाओं के लिए न किया जा रहा हो। हालांकि, फिलहाल रामपुर जिले में ऐसी कोई चोरी या आपराधिक घटना सामने नहीं आई है, लेकिन ड्रोन की लगातार गतिविधियों ने लोगों को डरा जरूर दिया है।

पूरी रात टहलते नजर आए ग्रामीण
शाहबाद, बिलासपुर, पटवाई और आसपास के गांवों में लोग पूरी रात ड्रोन पर नजर रखने के लिए टहलते नजर आए। कई जगहों पर युवाओं ने मोबाइल से ड्रोन के वीडियो भी बनाए हैं। महिलाओं और बच्चों में विशेष रूप से डर का माहौल है और लोग रात के समय सोने में भी हिचकिचा रहे हैं।

पुलिस प्रशासन की अपील: घबराएं नहीं, सतर्क रहें
पुलिस अधीक्षक रामपुर ने इस विषय पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि –

“कृपया अफवाहों पर ध्यान न दें। यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या ड्रोन की उड़ान दिखाई देती है तो तुरंत UP-112 पर कॉल करें या नजदीकी थाना-चौकी अथवा कंट्रोल रूम नंबर 9454417428 पर सूचना दें।”

पुलिस ने साफ किया है कि फिलहाल ड्रोन की गतिविधियों की सघन निगरानी की जा रही है और संबंधित एजेंसियों को इसकी जानकारी दे दी गई है।

ग्रामीणों से सहयोग की अपील
पुलिस ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने, अफवाहों से बचने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की अपील की है। यदि किसी स्थान पर ड्रोन नीचे गिरा हुआ या फंसा हुआ दिखाई दे, तो उसे न छुएं और तुरंत पुलिस को सूचित करें।

रामपुर जिले में ड्रोन गतिविधियों से उपजे डर के बीच पुलिस प्रशासन सक्रिय है और लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रहा है। अब देखना यह है कि ये ड्रोन किसके हैं और क्यों उड़ रहे हैं – इसका जवाब प्रशासन जल्द दे पाता है या नहीं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.