राबड़का की भूमि निजी कंपनी को देने पर ग्रामीणों में आक्रोश, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

बीड़ा द्वारा भूमि आवंटन की विज्ञप्ति पर फिर भड़का ग्रामीणों का गुस्सा

टपूकड़ा (राबड़का): राबड़का क्षेत्र में स्थित बारानी सॉयम भूमि को लेकर बीड़ा (ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टमेंट प्रमोशन) द्वारा एक निजी कंपनी को देने की नई विज्ञप्ति जारी करने पर ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने इस फैसले का विरोध करते हुए स्थानीय प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर विज्ञप्ति को रद्द करने की मांग की है।

पहले भी हो चुका है विरोध, ट्रस्ट ने खींच लिए थे हाथ
इससे पूर्व भी बीड़ा ने इस भूमि को दिल्ली की सार्थक एजुकेशनल ट्रस्ट को आवंटित करने की प्रक्रिया शुरू की थी, जिसका ग्रामीणों और किसानों ने जमकर विरोध किया था। विरोध को देखते हुए सार्थक एजुकेशनल ट्रस्ट ने प्रस्ताव से पीछे हटते हुए अपने हाथ खींच लिए थे।

अब श्रीयम प्रोजेक्ट को दी जा रही भूमि, फिर उठा विवाद
अब बीड़ा द्वारा एक बार फिर उसी भूमि को श्रीयम प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड (दी हर्बल हाउस जयपुर) को आवंटित करने की विज्ञप्ति जारी की गई है, जिससे ग्रामीणों में दोबारा नाराजगी फैल गई है। उनका कहना है कि यह भूमि सार्वजनिक उपयोग की है और इसे किसी भी निजी संस्था को देना सरासर गलत है।

ज्ञापन सौंप कर जताया विरोध
किसानों और ग्रामीणों ने बाबा बलदेव दास मंदिर कमेटी अध्यक्ष सावंत सिंह के नेतृत्व में टपूकड़ा के उपखंड अधिकारी लाखन सिंह गुर्जर को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन मुख्यमंत्री राजस्थान, केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव, अलवर सांसद, तिजारा विधायक बाबा बालक नाथ, बीड़ा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और जिला कलेक्टर अलवर के नाम भी भेजा गया है।

मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन की चेतावनी
ज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि यदि उक्त विज्ञप्ति को रद्द नहीं किया गया और गांव की भूमि को निजी ट्रस्ट को देने का निर्णय वापस नहीं लिया गया, तो ग्रामीण व्यापक विरोध प्रदर्शन और आंदोलन शुरू करेंगे। ग्रामीणों ने बीड़ा के इस कदम को ग्रामीण हितों और अधिकारों के खिलाफ बताया है।

ग्रामीणों ने जताई एकजुटता
इस मुद्दे को लेकर राबड़का क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों में एकजुटता देखने को मिली। उनका कहना है कि वे अपनी भूमि को निजी स्वार्थ के लिए किसी भी हालत में नहीं जाने देंगे और इसके लिए वे संवैधानिक तरीकों से विरोध जारी रखेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.