वेनेजुएला पर अमेरिका के हमले का आरोप, राजधानी काराकास में धमाके, बढ़ा युद्ध का खतरा

काराकास/वॉशिंगटन। वेनेजुएला और अमेरिका के बीच तनाव बेहद खतरनाक मोड़ पर पहुंचता नजर आ रहा है। वेनेजुएला की सरकार ने अमेरिका पर आम नागरिकों और सैन्य ठिकानों पर हमला करने का गंभीर आरोप लगाया है। राजधानी काराकास में कम से कम सात धमाकों की आवाज सुनी गई है, जबकि कम ऊंचाई पर उड़ते लड़ाकू विमानों और हेलीकॉप्टरों की मौजूदगी की खबरें भी सामने आई हैं। हालात को देखते हुए वेनेजुएला ने अपने एयरस्पेस में अमेरिकी कमर्शियल उड़ानों पर तत्काल रोक लगा दी है।

अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, काराकास स्थित प्रमुख सैन्य अड्डे फोर्टुना के आसपास धमाकों की आवाजें सुनी गईं। यह बेस वेनेजुएला की सैन्य रणनीति का अहम केंद्र माना जाता है। एसोसिएटेड प्रेस ने भी पुष्टि की है कि राजधानी में कई धमाके हुए और लोगों ने लड़ाकू विमानों की गूंज सुनी। सोशल मीडिया पर अमेरिकी फाइटर जेट्स और अटैक हेलीकॉप्टरों के वेनेजुएला के हवाई क्षेत्र में घुसने के दावे किए जा रहे हैं, हालांकि अमेरिका की ओर से अब तक किसी सैन्य कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

बताया जा रहा है कि वेनेजुएला इस समय अब तक की सबसे बड़ी नौसैनिक घेराबंदी का सामना कर रहा है। अमेरिका पिछले कई महीनों से कैरिबियन क्षेत्र में अपनी सैन्य मौजूदगी लगातार बढ़ा रहा है। इस अभियान में USS गेराल्ड आर. फोर्ड जैसे अत्याधुनिक एयरक्राफ्ट कैरियर की तैनाती भी शामिल है। दोनों देशों के बीच विवाद की जड़ तेल और गैस संसाधनों को लेकर है। अमेरिका का आरोप है कि वेनेजुएला सरकार अवैध ड्रग तस्करी में शामिल है, जिससे अमेरिकी समाज पर बुरा असर पड़ रहा है।

अमेरिका ने वर्ष 2025 में ‘ऑपरेशन सदर्न स्पीयर’ के तहत कैरिबियन सागर में कथित ड्रग तस्करी से जुड़े वेनेजुएला के जहाजों पर हवाई हमले किए थे। अमेरिकी नौसेना अब तक कई तेल टैंकरों को जब्त कर चुकी है और कुछ पर हमला भी किया गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन का आरोप है कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो स्वयं नशीली दवाओं के अवैध कारोबार से जुड़े हुए हैं और “नार्को-टेररिस्ट” नेटवर्क चला रहे हैं।

वहीं, वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि अमेरिका उनके देश के तेल, सोने और अन्य प्राकृतिक संसाधनों पर कब्जा करना चाहता है। मादुरो ने ड्रग तस्करी, तेल और प्रवासन जैसे मुद्दों पर अमेरिका से बातचीत की पेशकश भी की है। हालांकि ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में दोनों देशों के रिश्ते और ज्यादा खराब हुए हैं। अमेरिका ने वेनेजुएला सरकार को विदेशी आतंकवादी संगठन घोषित कर दिया है।

विशेषज्ञों का मानना है कि अगर हालात ऐसे ही बने रहे तो यह टकराव बड़े सैन्य संघर्ष या युद्ध में भी बदल सकता है, जिसका असर पूरे लैटिन अमेरिकी क्षेत्र और वैश्विक राजनीति पर पड़ेगा।

 

khabre junction

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.