ऐलनाबाद,सिरसा,(एम पी भार्गव): मेरा युवा भारत, सिरसा के तत्वावधान में 23 मार्च को शहीदी दिवस पर “मेरा भारत, मेरी जिम्मेदारी” थीम के अंतर्गत जिला भर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को स्मरण करना तथा युवाओं में राष्ट्र निर्माण, सामाजिक जिम्मेदारी और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
जिला युवा अधिकारी धनपत ने बताया कि कार्यक्रमों की शुरुआत 22 मार्च को विशेष स्वच्छता अभियान से होगी। यह अभियान शहीद भगत सिंह खेल परिसर, सिरसा में आयोजित किया जाएगा, जहां युवा स्वयंसेवक मिलकर शहीद भगत सिंह की प्रतिमा की सफाई करेंगे। इस पहल का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय नायकों के प्रति सम्मान की भावना जागृत करना और “स्वच्छता ही सेवा” का संदेश समाज तक पहुंचाना है।
उन्होंने बताया कि 23 मार्च को शहीदी दिवस के अवसर पर एक भव्य पदयात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान प्रतिभागी तिरंगा, बैनर और जागरूकता संदेशों वाले बैनर के साथ “युवा शक्ति – राष्ट्र निर्माण”, “स्वतंत्रता का सम्मान, जिम्मेदारी का निर्वहन” और “माय भारत, माई रिस्पांसिबिलिटी” जैसे संदेशों के जरिए आमजन को जागरूक करेंगे। पदयात्रा से पूर्व शहीदों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी जाएगी तथा वक्ता युवाओं को उनके आदर्शों पर चलने के लिए प्रेरित करेंगे।
इसके अतिरिक्त, शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में 19 मार्च से ही माय भारत पोर्टल पर ऑनलाइन क्विज और रील प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा रही हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को रचनात्मक अभिव्यक्ति का अवसर मिलेगा और वे समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे।
जिला युवा अधिकारी धनपत ने सभी नागरिकों, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लें और शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करें। उन्होंने कहा कि यह आयोजन युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने, एकता और अनुशासन को बढ़ावा देने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
