दिवंगत रेलकर्मी के परिवार को मिला ₹1 करोड़ का बीमा लाभ, डीआरएम आशीष जैन ने पत्नी निशु कुमारी को सौंपा चेक

ड्यूटी के दौरान हादसे में हुई थी संतोष कुमार राय की मौत, रेलवे ने ग्रेच्युटी और पारिवारिक पेंशन समेत अन्य लाभ भी किए निस्तारित

  • वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा

Varanasi: पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल ने दिवंगत रेलकर्मी के परिवार की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए एक करोड़ रुपये का बीमा लाभ प्रदान किया। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने सोमवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, वाराणसी में दिवंगत रेलकर्मी स्व. संतोष कुमार राय, कीमैन (ट्रैक मेंटेनर), की पत्नी निशु कुमारी को ‘रेलवे सैलरी पैकेज’ के अंतर्गत गोल्ड इंश्योरेंस योजना की ₹1,00,00,000 (एक करोड़ रुपये) की बीमा राशि का चेक सौंपा।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह तथा भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारी मौजूद रहे। वाराणसी मंडल ने इस पहल के माध्यम से एक बार फिर यह संदेश दिया कि रेलकर्मियों के सेवाकाल में किसी अप्रिय घटना की स्थिति में उनके आश्रितों को नियमानुसार मिलने वाले आर्थिक लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकता है।

ड्यूटी के दौरान हुए हादसे में हुई थी रेलकर्मी की मौत

ज्ञातव्य है कि रेलकर्मी स्व. संतोष कुमार राय सीवान यार्ड में ड्यूटी के दौरान गाड़ी संख्या 75103 छपरा–थावे सवारी गाड़ी की चपेट में आने से दुर्घटनाग्रस्त हो गए थे। दुर्घटना के बाद उपचार के दौरान 19 अप्रैल 2026 को सदर अस्पताल, सीवान में उनका निधन हो गया था।

उनका वेतन खाता भारतीय स्टेट बैंक की श्रीनगर, सीवान शाखा में संचालित था। निधन के बाद उनके परिवार के समक्ष आर्थिक सुरक्षा की चुनौती को देखते हुए मंडल रेल प्रशासन ने उनके आश्रितों को मिलने वाले विभिन्न देयों एवं लाभों के निस्तारण की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया।

ग्रेच्युटी से लेकर पारिवारिक पेंशन तक का किया गया निस्तारण

मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देश पर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह के नेतृत्व में संबंधित अधिकारियों ने दिवंगत रेलकर्मी के परिवार को मिलने वाले नियमानुसार लाभों के निस्तारण की प्रक्रिया पूरी की।

इसके अंतर्गत ग्रेच्युटी, समूह बीमा, अवकाश नगदीकरण एवं पारिवारिक पेंशन सहित अन्य देयों एवं लाभों का नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया गया।

इसी क्रम में भारतीय स्टेट बैंक के साथ रेलवे की ‘रेलवे सैलरी पैकेज’ गोल्ड इंश्योरेंस योजना के अंतर्गत उपलब्ध बीमा सुविधा के तहत दिवंगत रेलकर्मी की पत्नी निशु कुमारी को एक करोड़ रुपये की बीमा राशि का भुगतान चेक के माध्यम से किया गया।

रेलवे कर्मचारियों और उनके परिवारों की सामाजिक-आर्थिक सुरक्षा प्राथमिकता: डीआरएम

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने कहा कि रेलकर्मियों का कल्याण और उनके परिवारों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा रेलवे प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि रेलवे अपने कर्मचारियों के साथ-साथ उनके परिवारजनों के हितों के प्रति भी पूरी तरह संवेदनशील है।

उन्होंने कहा कि किसी रेलकर्मी के असामयिक निधन की स्थिति में उनके आश्रितों को नियमानुसार मिलने वाले सभी लाभों का त्वरित, पारदर्शी और सुगम निस्तारण सुनिश्चित करना मंडल की प्राथमिकता है, ताकि कठिन समय में परिवार को आवश्यक आर्थिक सहारा मिल सके।

इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक, रेलवे वाराणसी कैंट शाखा के शाखा प्रबंधक राहुल, कॉरपोरेट सैलरी रिलेशनशिप मैनेजर (CSRM), वाराणसी कृष्ण मोहन पाण्डेय, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह, मुख्य कर्मचारी कल्याण निरीक्षक अजित कुमार एवं कार्यालय अधीक्षक संतोष राय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.