मोदीनगर तहसील क्षेत्र में, सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर हंगामा, घेराव की चेतावनी

गाजियाबाद की मोदीनगर तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम खुर्मपुर से भ्रष्टाचार और अवैध कब्जे का एक बड़ा मामला सामने आया है। भारतीय किसान यूनियन (भानु) के प्रदेश महासचिव गौरव त्यागी ने उपजिलाधिकारी (SDM) को पत्र लिखकर सरकारी जमीन को भू-माफियाओं से मुक्त कराने की मांग की है।
मामला ग्राम खुर्मपुर के खसरा नंबर 387 का है, जहाँ लगभग 77 बीघा सरकारी बंजर भूमि (L.M.C.) मौजूद है। शिकायत के अनुसार, हलका लेखपाल मनीष मिश्रा ने भू-माफियाओं से मोटी रिश्वत लेकर और साठगांठ करके इस कीमती सरकारी जमीन पर अवैध रूप से चारदीवारी, रास्तों और कमरों का निर्माण करवा दिया है। इसके अलावा, फर्जी दस्तावेजों के सहारे कुछ प्लॉटों का अवैध बैनामा भी कर दिया गया है।
​हैरानी की बात यह है कि लेखपाल ने प्रशासनिक अधिकारियों को गुमराह करने के लिए अपनी आख्या रिपोर्ट में यह लिख दिया कि मौके पर कोई निर्माण कार्य नहीं हुआ है। जबकि ज़मीन पर नीव, सड़कें और मिट्टी का भराव साफ देखा जा सकता है। यह मामला वर्तमान में राजस्व परिषद प्रयागराज में भी विचाराधीन है।

किसान यूनियन ने प्रशासन को दो टूक चेतावनी दी है। कि यदि इस अवैध निर्माण को तुरंत नहीं रुकवाया गया, तो वे तहसील परिसर का घेराव करने के लिए विवश होंगे, जिससे उत्पन्न होने वाली कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी स्वयं उपजिलाधिकारी और तहसीलदार मोदीनगर की होगी।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.