यूपी: आज 18 जिलों में भीषण बारिश का अलर्ट जारी, इन इलाकों के लिए विशेष चेतावनी; यहां हो सकता है वज्रपात

  • रिपोर्ट- मंजय वर्मा

उत्तर प्रदेश में मानसून फिर से सक्रिय हो गया है और इसके चलते प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के 18 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है, वहीं 40 अन्य जिलों में वज्रपात की आशंका जताई गई है।

मंगलवार को पूर्वांचल, बुंदेलखंड और आगरा क्षेत्र में जोरदार बारिश हुई। गाजीपुर में सर्वाधिक 113 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि कन्नौज में 88 मिमी, कुशीनगर में 82 मिमी और गोरखपुर में 72.3 मिमी बारिश दर्ज हुई। प्रयागराज, वाराणसी और बिजनौर में भी अच्छी बारिश देखी गई।

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, बुधवार को बुंदेलखंड और विंध्य क्षेत्र में भारी वर्षा की संभावना है, जबकि बृहस्पतिवार से अगले तीन दिनों तक तराई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला चल सकता है।

इन 18 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी:
बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर,

सोनभद्र, मिर्जापुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर,

आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन,

हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर व आसपास के इलाके।

इन जिलों के लिए मौसम विभाग ने विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। नागरिकों को बिना आवश्यक कार्य के घर से बाहर न निकलने, निचले इलाकों में सतर्कता बरतने और बिजली चमकते समय खुले स्थानों से दूर रहने की चेतावनी दी गई है।

प्रशासन को भी अलर्ट मोड पर रहने और राहत एवं बचाव कार्यों के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.