Rampur की 3712 रसोइयों को चार बड़ी सौगात, मानदेय बढ़कर 3000 रुपये; कैशलेस इलाज और दुर्घटना सहायता का भी लाभ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के 3.52 लाख रसोइयों के लिए चार बड़ी योजनाओं का शुभारंभ किया। मानदेय 3000 रुपये, 5 लाख तक कैशलेस इलाज और दुर्घटना पर 2 लाख रुपये की सहायता मिलेगी। रामपुर की 3712 रसोइयां लाभान्वित होंगी।

Mid-Day Meal Scheme Rampur:  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के 3.52 लाख रसोइयों के हित में चार महत्वपूर्ण योजनाओं का शुभारंभ किया। इन योजनाओं के तहत रसोइयों के मानदेय में वृद्धि के साथ कैशलेस चिकित्सा सुविधा, दुर्घटना की स्थिति में आर्थिक सहायता और साड़ी खरीदने के लिए बढ़ी हुई धनराशि का प्रावधान किया गया है।

मानदेय 2 हजार से बढ़कर 3 हजार रुपये

मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार रसोइयों का मासिक मानदेय 2,000 रुपये से बढ़ाकर 3,000 रुपये कर दिया गया है। इससे प्रदेशभर में कार्यरत करीब 3.52 लाख रसोइयों को सीधा लाभ मिलेगा।

5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा

रसोइयों को स्वास्थ्य सुरक्षा देने के लिए मुख्यमंत्री केशलेस चिकित्सा कार्ड उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके माध्यम से पात्र रसोइयों को उपचार के लिए 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।

दुर्घटना पर 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता

योजना के तहत दुर्घटना की स्थिति में रसोइयों को 2 लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने का भी प्रावधान किया गया है। इसके अलावा साड़ी खरीदने के लिए मिलने वाली राशि को 500 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये कर दिया गया है।

रामपुर में आयोजित हुआ रसोइयों का सम्मान समारोह

मुख्यमंत्री की घोषणाओं के अवसर पर रामपुर के विकास भवन सभागार में रसोइयों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, शहर विधायक आकाश सक्सेना, जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी और मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चंद्र मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सजीव प्रसारण भी दिखाया गया।

रामपुर की 3712 रसोइयों को मिलेगा लाभ

जिले की 3,712 रसोइयों को इन चारों योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा। समारोह के दौरान रसोइयों को मुख्यमंत्री केशलेस चिकित्सा कार्ड और मानदेय वृद्धि के प्रतीकात्मक चेक भी वितरित किए गए।

मुख्यमंत्री केशलेस चिकित्सा कार्ड बबली, रजनी कुमारी, रूपवती, भगवान देई, सविता, सावित्री और सुषमा को प्रदान किए गए। वहीं मानदेय वृद्धि के प्रतीकात्मक चेक शांता, सुखिया, रानी, मीना, कुसुम, भूरी, मीना और परवीन को वितरित किए गए।

रसोइयों के हित में सरकार का बड़ा कदम

कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने मुख्यमंत्री की पहल का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चल रही है। उन्होंने विद्यालयों में बच्चों के लिए पौष्टिक मध्याह्न भोजन तैयार करने वाली रसोइयों के मानदेय में वृद्धि और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों को महत्वपूर्ण कदम बताया।

शहर विधायक आकाश सक्सेना ने कहा कि सरकार शिक्षा समेत प्रत्येक क्षेत्र में लोगों के बेहतर भविष्य के लिए काम कर रही है। उन्होंने विद्यालयों में पूरी मेहनत और समर्पण के साथ बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन तैयार करने वाली रसोइयों के योगदान की सराहना की।

बड़ी संख्या में अधिकारी और रसोइयां रहीं मौजूद

कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रामपुर कल्पना देवी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में रसोइयां मौजूद रहीं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री की घोषणाओं की जानकारी मिलने पर रसोइयों ने खुशी जताई।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.