बदायूं की रसोइयों को कैशलेस इलाज और बढ़े मानदेय की सौगात, 5 लाख तक मुफ्त उपचार की सुविधा

Medical Treatment: बदायूं में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण हुआ। रसोइयों का मानदेय 2 हजार से बढ़ाकर 3 हजार रुपये और 5 लाख रुपये तक कैशलेस चिकित्सा सुविधा की घोषणा की गई।

Cashless Medical Treatment: पीएम पोषण योजना के तहत परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कैशलेस चिकित्सा सुविधा और मानदेय में वृद्धि की घोषणा की। इस अवसर पर लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमती नगर में आयोजित कार्यक्रम का बदायूं जिले में भी सजीव प्रसारण किया गया।

कलेक्ट्रेट सभागार में हुआ कार्यक्रम

जनपद स्तर पर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण अटल बिहारी वाजपेयी सभागार, कलेक्ट्रेट बदायूं में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव, विधान परिषद सदस्य वागीश पाठक के प्रतिनिधि शारदेंदु पाठक, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अरुण कुमार, जिला विकास अधिकारी मनोज कुमार सिंह और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस दौरान जनपद के परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण सुना।

2 हजार से बढ़कर 3 हजार रुपये हुआ मानदेय

मुख्यमंत्री ने रसोइयों के मानदेय को 2,000 रुपये से बढ़ाकर 3,000 रुपये प्रतिमाह करने की घोषणा की। इसके साथ ही रसोइयों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने के लिए 5 लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की घोषणा की गई।

इस फैसले से रसोइयों को आर्थिक राहत मिलने के साथ स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के समय बड़ी सहायता मिलने की उम्मीद है।

सदर विधायक ने बताया महत्वपूर्ण पहल

सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा से जोड़ना सरकार की महत्वपूर्ण और कल्याणकारी पहल है। उन्होंने कहा कि इससे पात्र परिवारों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क कैशलेस उपचार मिल सकेगा।

उन्होंने मानदेय में वृद्धि के लिए जिले की सभी रसोइयों को शुभकामनाएं दीं और विद्यालयों में बच्चों को शुद्ध एवं पोषणयुक्त भोजन उपलब्ध कराने का आह्वान किया।

आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा मजबूत होगी

जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव ने कहा कि रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा देना और उनके मानदेय में वृद्धि करना सरकार का सकारात्मक कदम है। इससे रसोइयों को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से मजबूती मिलेगी और उनका भविष्य अधिक सुरक्षित होगा।

रसोइयों को किया गया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान जनपद की रसोइयों को प्रतीकात्मक कैशलेस चेक प्रदान किए गए और माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं और रसोइयों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन कामिनी राठौर ने किया।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.