जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक में पहुंचे केंद्रीय मंत्री ललन सिंह; विभिन्न विभागों की समीक्षा, दिए कई निर्देश

लखीसराय(सरफराज आलम)अध्यक्ष जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति-सह- मंत्री, ग्रामीण कार्य विभाग, बिहार, सुनील कुमार की अध्यक्षता में जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति (20 सूत्री) की समीक्षात्मक बैठक समाहरणालय, लखीसराय स्थित मंत्रणा कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में केंद्रीय मंत्री सह सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ (ललन सिंह) सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक का शुभारंभ मंचासीन आगंतुकों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके उपरांत राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रगान के माध्यम से कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की गई तथा बैठक का समापन बिहार गीत के साथ किया गया।

बैठक के प्रारंभ में जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिवादन करते हुए जिले में चल रही विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की प्रगति का विस्तृत प्रस्तुतीकरण पीपीटी के माध्यम से किया। उन्होंने शिक्षा, पेयजल, ग्रामीण विकास, सामाजिक सुरक्षा, कृषि, आवास एवं अन्य विभागों की योजनाओं की स्थिति से अवगत कराया।
बैठक में शिक्षा विभाग अंतर्गत निशुल्क पाठ्यपुस्तक, मुख्यमंत्री पोशाक योजना, मध्यान्ह भोजन, साइकिल योजना, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, छात्रवृत्ति एवं प्रोत्साहन योजनाओं की समीक्षा की गई। साथ ही हर घर नल-जल योजना, सात निश्चय योजना एवं पाइप जलापूर्ति योजनाओं की प्रगति पर विशेष चर्चा की गई।

सांसद ललन सिंह ने पेयजल की महत्ता पर जोर देते हुए नल-जल योजना एवं चापाकल मरम्मती कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने योजनाओं की नियमित निगरानी हेतु व्हाट्सएप समूह बनाकर कार्य प्रगति साझा करने की सलाह दी।

पंचायती राज विभाग, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना, सोलर लाइट योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, कबीर अंत्येष्टि एवं राष्ट्रीय परिवार लाभ योजना सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई।

मनरेगा अंतर्गत लक्ष्य को 30 जून तक पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। जिले में जॉब कार्ड की उपलब्धि लगभग 92% तथा कृषि यंत्रीकरण में 86% प्रगति की जानकारी दी गई।
बैठक में भूमि उपलब्धता, पंचायत सरकार भवन निर्माण, दाखिल-खारिज एवं म्यूटेशन की लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए उन्हें समयबद्ध तरीके से निष्पादित करने का निर्देश दिया गया।

सांसद ने कहा कि जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी मिलकर समन्वय के साथ कार्य करें तथा योजनाओं को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करें। उन्होंने जनसेवा की भावना से कार्य करने पर बल दिया।

अध्यक्षीय संबोधन मंत्री सुनील कुमार ने योजनाओं के क्रियान्वयन में और अधिक गति लाने, क्षेत्रीय निरीक्षण बढ़ाने एवं सहयोग शिविरों के माध्यम से लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से गर्मी के मौसम को देखते हुए चापाकल एवं पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर जोर दिया।
बैठक का समापन सकारात्मक विचारों एवं विकास के प्रति प्रतिबद्धता के साथ संपन्न हुआ।

बैठक में एमएलसी अजय कुमार, विधायक सूर्यगढ़ा रामानंद मंडल, पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार,उप विकास आयुक्त सुमित कुमार अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, 20 सूत्री उपाध्यक्ष दीपक कुमार सहित सभी संबंधित जिला स्तरीय एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.