ऑपरेशन ‘अमानत’ के तहत फिरोजपुर मंडल ने यात्रियों को लौटाया ₹4.44 लाख से अधिक का खोया सामान।

  • रिपोर्ट: ललित शर्मा

रेल यात्रियों की सुरक्षा, संरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करने की दिशा में फिरोजपुर मंडल निरंतर सराहनीय कार्य कर रहा है। यात्रियों को सुरक्षित एवं भरोसेमंद यात्रा अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से आरपीएफ द्वारा विभिन्न सुरक्षा एवं जनहित अभियानों का प्रभावी संचालन किया जा रहा है। इसी क्रम में, मई 2026 के दौरान फिरोजपुर मंडल ने ‘ऑपरेशन अमानत’ के तहत उत्कृष्ट कार्य करते हुए यात्रियों के खोए हुए सामान को खोजकर उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की। माह के दौरान कुल 39 मामलों में यात्रियों का खोया हुआ सामान बरामद कर उन्हें सुरक्षित रूप से वापस सौंपा गया।

बरामद एवं सुपुर्द किए गए सामान का कुल अनुमानित मूल्य ₹4,44,800/- रहा। वापस किए गए सामान में लैपटॉप, मोबाइल फोन, बैग, पर्स, महत्वपूर्ण दस्तावेज तथा अन्य मूल्यवान वस्तुएं शामिल थीं।आरपीएफ अधिकारियों एवं जवानों की सतर्कता, त्वरित प्रतिक्रिया, सीसीटीवी निगरानी तथा विभिन्न शाखाओं के बीच प्रभावी समन्वय के परिणामस्वरूप इन वस्तुओं को खोजकर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपा गया। अपना खोया हुआ सामान वापस प्राप्त कर यात्रियों ने रेलवे सुरक्षा बल के प्रति आभार व्यक्त किया तथा उसकी कार्यप्रणाली की सराहना की।

वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त/रेसुब, फिरोजपुर श्री ऋषि पाण्डेय ने बताया कि रेलवे सुरक्षा बल यात्रियों की सुरक्षा एवं सहायता के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने कहा कि “ऑपरेशन अमानत” का उद्देश्य यात्रियों के खोए हुए सामान को यथाशीघ्र खोजकर उनके वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाना है, जिससे रेल यात्रियों का विश्वास और अधिक मजबूत हो सके। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि यात्रा के दौरान अपने सामान पर विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी प्रकार की सहायता, शिकायत अथवा सूचना के लिए रेल मदद हेल्पलाइन 139 अथवा निकटतम RPF पोस्ट/चौकी से तुरंत संपर्क करें।

फिरोजपुर मंडल यात्रियों की सुरक्षा, संरक्षा एवं सेवा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.