ULLAS Literacy Programme: ऐलनाबाद ब्लॉक में 20 सितंबर को होगी बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान आकलन परीक्षा, निरक्षर नागरिकों से जुड़ने की अपील
Ellenabad, September 18 (डॉ एम पी भार्गव): भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के मार्गदर्शन में संचालित ‘उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम’ के तहत क्षेत्र में शिक्षा के प्रसार और वयस्कों को साक्षर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। इसी कड़ी में आगामी 20 सितंबर को खंड के राजकीय विद्यालयों में बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान आकलन परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।
इस परीक्षा को सफल और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए खंड शिक्षा अधिकारी राजकुमार और उल्लास कार्यक्रम के खंड ऐलनाबाद के नोडल अधिकारी एवं प्रवक्ता डॉ. संदीप सिहाग सक्रियता से तैयारियों का जायजा ले रहे हैं।
परीक्षा का मुख्य उद्देश्य साक्षरता प्रमाण-पत्र और बुनियादी शिक्षा
नोडल अधिकारी भूगोल प्रवक्ता डॉ. संदीप सिहाग ने जानकारी देते हुए बताया कि इस परीक्षा का मुख्य उद्देश्य उन नागरिकों को साक्षरता प्रमाण-पत्र और बुनियादी शिक्षा से जोड़ना है जो किसी कारणवश औपचारिक शिक्षा प्राप्त नहीं कर सके। जो भी इच्छुक नागरिक इस परीक्षा में भाग लेना चाहते हैं, वे अपने नजदीकी राजकीय विद्यालय में जाकर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। विद्यालयों के अध्यापकों को भी इस कार्य में विशेष निर्देश दिए गए हैं ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक इसकी जानकारी पहुंच सके।
नोडल अधिकारी प्रवक्ता डॉ. संदीप सिहाग ने की अपील
नोडल अधिकारी प्रवक्ता डॉ. संदीप सिहाग ने खंड के सभी निरक्षर नागरिकों, स्वयंसेवकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से जोरदार अपील की है कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। उन्होंने कहा कि शिक्षा की कोई उम्र नहीं होती, और यह परीक्षा हमारे क्षेत्र के हर नागरिक को जीवन में आगे बढ़ने का एक सुनहरा अवसर प्रदान करती है।
प्रशासन और शिक्षा विभाग की इस पहल से उम्मीद जताई जा रही है कि ऐलनाबाद ब्लॉक में साक्षरता दर को एक नई गति मिलेगी और अधिक से अधिक लोग बुनियादी साक्षरता का लाभ उठा सकेंगे।
