- रिपोर्ट: एमपी भार्गव (हरियाणा)
ऐलनाबाद (सिरसा), 12 नवंबर।जिला पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे नशा तस्करों के खिलाफ महा अभियान के तहत सिरसा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की मुस्तैदी और आमजन के सहयोग से नशा तस्करों पर लगाम कसने में पुलिस को बड़ी उपलब्धि मिली है।
एंटी नारकोटिक्स सेल सिरसा पुलिस टीम ने गश्त और चेकिंग के दौरान ऐलनाबाद क्षेत्र से मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को 57 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है।
सेल प्रभारी सब इंस्पेक्टर राजेंद्र कुमार ने बताया कि टीम गांव तलवाड़ा से गांव दया सिंह थैहड़ की ओर जा रही थी, जब पुलिस ने संदिग्ध स्थिति में खड़े दो युवकों को देखा। पुलिस को देखकर दोनों युवक भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने तुरंत उन्हें रोक लिया।
जांच के दौरान आरोपियों की पहचान विनोद कुमार पुत्र इसर राम निवासी ठोबरियां और भाग सिंह उर्फ भागा पुत्र दलबीर सिंह निवासी दया सिंह थैहड़ के रूप में हुई। तलाशी में विनोद कुमार के कब्जे से 11 ग्राम 64 मिलीग्राम और भाग सिंह से 45 ग्राम 36 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई।
दोनों के कब्जे से कुल 57 ग्राम हेरोइन जिसकी कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है, जब्त की गई।
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना ऐलनाबाद में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
सेल प्रभारी ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि पूछताछ के दौरान हेरोइन तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी प्राप्त की जा सके और आगे की कार्रवाई की जा सके।
