सिरसा प्रेम प्रसंग के चलते युवक की हत्या मामले में दो आरोपी चंद घंटों में पुलिस गिरफ्त में

सिरसा, 10 जून (एम पी भार्गव): शहर के दुर्गा मंदिर चौक पर प्रेम प्रसंग के चलते युवक की चाकू घोंपकर हत्या करने के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए डीएसपी मुख्यालय सुखबीर सिंह ने बताया कि बीते सोमवार रात्रि के समय हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी समेत दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी सुखबीर सिंह ने बताया कि मृतक संदीप कुमार के परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि संदीप का एक युवती से प्रेम प्रसंग था तथा दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती थी। इस संबंध की जानकारी युवती के परिजनों को भी थी।

आरोप है कि सोमवार रात करीब 10 बजे युवती के परिवार से जुड़े लोगों ने संदीप को बुलाया और उस पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में संदीप के पीठ, हाथ और पेट पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद घायल अवस्था में संदीप को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उपचार के दौरान मंगलवार सुबह उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 22 वर्षीय संदीप कुमार निवासी संजय कॉलोनी, वार्ड नंबर-29 के रूप में हुई है। वह शहर में एक क्रॉकरी की दुकान पर कार्य करता था। डीएसपी ने बताया कि शिकायत के आधार पर शहर थाना पुलिस ने हत्या की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

Two accused arrested by police within hours in the case of a young man's murder linked to a love affair in Sirsa.

जांच के दौरान जेजे कॉलोनी पुलिस चौकी की टीम ने महत्वपूर्ण सुराग और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी हिमांशु उर्फ काकू पुत्र सुरेंद्र कुमार निवासी मेला ग्राउंड सिरसा तथा उसके चचेरे भाई जतिन पुत्र सोनू कुमार निवासी लक्की तालाब मोहल्ला सिरसा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है।
वहीं शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है।

मामले की गहनता से जांच जारी है। डीएसपी साहब ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा और रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से पूछताछ कर हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद किए जाएंगे ।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.