यूक्रेन संघर्ष पर पुतिन से नाराज़ ट्रंप बोले – ‘निराश हूं, लेकिन मामला खत्म नहीं हुआ’

ट्रंप ने जताई पुतिन से नाराज़गी, कहा – "चार बार लगा कि डील हो जाएगी"

वाशिंगटन डीसी: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर अपनी नाराज़गी जाहिर की है। ट्रंप ने BBC को दिए एक इंटरव्यू में कहा, “मैं उनसे निराश हूं, लेकिन मामला अभी खत्म नहीं हुआ है।”

उन्होंने बताया कि रूस के साथ यूक्रेन युद्ध खत्म करने को लेकर चार बार सकारात्मक बातचीत हुई, लेकिन हर बार पुतिन ने भरोसा तोड़ दिया।
“हर बार लगता है कि अब डील हो जाएगी, हम करीब हैं, और फिर पुतिन कीव में एक इमारत गिरा देते हैं,” ट्रंप ने कहा।

सीजफायर न होने से बढ़ती जा रही है ट्रंप की झुंझलाहट
राष्ट्रपति बनने के बाद से ही ट्रंप रूस-यूक्रेन युद्ध में संघर्षविराम की कोशिशों में जुटे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात बिगड़ते जा रहे हैं। दोनों देशों के हमले लगातार तेज हो रहे हैं, जिससे ट्रंप की निराशा और बढ़ रही है।

ट्रंप ने सोमवार को यूक्रेन को पैट्रियट मिसाइल सिस्टम समेत एक बड़ा हथियार पैकेज देने की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि अगर 50 दिनों के भीतर शांति समझौता नहीं हुआ तो रूस पर सख्त प्रतिबंध और 100% टैरिफ लगाए जाएंगे।

पुतिन दबाव में नहीं, शर्तों पर अड़े: क्रेमलिन सूत्र
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप की धमकियों का पुतिन पर कोई असर नहीं हुआ है। तीन क्रेमलिन सूत्रों के मुताबिक, पुतिन तब तक लड़ाई नहीं रोकेंगे जब तक पश्चिमी देश उनकी शर्तों पर शांति वार्ता के लिए तैयार नहीं होते।

एक सूत्र ने कहा,
“पुतिन को लगता है कि अमेरिका समेत किसी ने भी शांति वार्ता के असली बिंदुओं पर उनसे गंभीर बातचीत नहीं की। इसलिए वो तब तक नहीं रुकेंगे जब तक उन्हें मनचाही स्थिति नहीं मिलती।”

दूसरे सूत्र ने बताया,
“पुतिन ट्रंप से रिश्ते को अहम मानते हैं और विटकॉफ़ (Witkoff) के साथ उनकी बातचीत भी अच्छी रही है, लेकिन रूस के हित उनके लिए सर्वोपरि हैं।”

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.