डीएम मिथिलेश मिश्र के नेतृत्व में वृक्षारोपण,’एक व्यक्ति–एक पौधा’ का दिया संदेश

लखीसराय(सरफराज आलम)लखीसराय में गुरुवार को जिला प्रशासन की ओर से पर्यावरण संरक्षण को लेकर व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने किया।

समाहरणालय परिसर के समीप एवं शहर के अन्य चयनित स्थलों पर आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत डीएम ने स्वयं पौधारोपण कर की। इस दौरान उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के क्षरण को रोकने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। एक-एक पौधा न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सहायक है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने का आधार भी है।

जिला पदाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि अपने-अपने कार्यालय परिसरों, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं सार्वजनिक स्थलों पर अधिक से अधिक पौधे लगाए जाएं तथा उनकी नियमित देखभाल सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पौधों का संरक्षण एवं संवर्धन भी उतना ही जरूरी है। इस संबंध में संबंधित विभागों को जवाबदेही भी सौंपी गई।

कार्यक्रम के दौरान छायादार, फलदार एवं औषधीय गुणों से युक्त विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। उपस्थित पदाधिकारियों ने संकल्प लिया कि लगाए गए पौधों की नियमित सिंचाई और देखरेख की जाएगी। साथ ही आमजन से अपील की गई कि वे अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में पौधारोपण कर इस अभियान को जन आंदोलन का रूप दें।

जिला प्रशासन ने “एक व्यक्ति–एक पौधा” अभियान को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने का संदेश दिया, ताकि हरित एवं स्वच्छ लखीसराय का निर्माण सुनिश्चित किया जा सके।

इस अवसर पर जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शंभू नाथ, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, नगर परिषद सभापति अरविंद पासवान सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

Leave A Reply

Your email address will not be published.