हरियाणा, 25 जनवरी (डॉ. एम. पी. भार्गव)।हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा है कि मीडिया वेल बीइंग एसोसिएशन को पत्रकारों के लिए नियमित रूप से ट्रेनिंग कैंप आयोजित करने चाहिए। उन्होंने इसे डिजिटल युग में पत्रकारिता की गुणवत्ता सुधारने और समाचारों की सत्यता बनाए रखने के लिए अत्यंत आवश्यक बताया। वे अंबाला के किंगफिशर में मीडिया वेल बीइंग एसोसिएशन द्वारा आयोजित पत्रकार सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आज के डिजिटल दौर में सोशल मीडिया के कारण समाचारों की सत्यता एक बड़ी चुनौती बन गई है। ऐसे में पत्रकारों के लिए प्रशिक्षण शिविर जरूरी हैं, ताकि वे खबरों की पुष्टि, स्रोतों की जांच और संतुलित रिपोर्टिंग कर सकें। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण से न केवल पत्रकारों की कार्यक्षमता बढ़ेगी, बल्कि मीडिया के प्रति जनता का विश्वास भी मजबूत होगा।
मंत्री की इस सलाह पर एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्रशेखर धरणी ने मंच से ही दो ट्रेनिंग कैंप आयोजित करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि पहला प्रशिक्षण शिविर हरियाणा में तथा दूसरा हिमाचल प्रदेश में आयोजित किया जाएगा। इन शिविरों में डिजिटल पत्रकारिता, फेक न्यूज की पहचान, सोशल मीडिया एथिक्स, रिपोर्टिंग स्किल्स और कानूनी पहलुओं पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इस भव्य समारोह में प्रदेश भर से सैकड़ों पत्रकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पत्रकारिता क्षेत्र में अतुलनीय योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया गया। समारोह में नौ व्यक्तियों को अवॉर्ड प्रदान किए गए, जिनमें ऊर्जा मंत्री अनिल विज, दैनिक ट्रिब्यून के संपादक नरेश कौशल, विश्व विख्यात जादूगर सम्राट शंकर सहित कई वरिष्ठ पत्रकार शामिल रहे। सभी सम्मानित व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।
सम्मानित पत्रकारों में सोहन पाल रावत (कुरुक्षेत्र), विनोद खुराना (लाडवा), एस. के. गिरिधर (कैथल), महेंद्र गोयल (भूना, हिसार), विजय बाजवा (फतेहाबाद) और के. एल. सचदेवा (इस्माइलाबाद) शामिल रहे। सभी ने इस पहल का स्वागत करते हुए प्रशिक्षण शिविरों को समय की आवश्यकता बताया।
अपने संबोधन में अनिल विज ने कहा कि आज हर व्यक्ति सोशल मीडिया के माध्यम से खुद को पत्रकार मानने लगा है, लेकिन बिना सत्यापन की खबरें समाज और देश के लिए नुकसानदायक हो सकती हैं। उन्होंने पत्रकारों से अपील की कि वे तथ्यों की पुष्टि के बाद ही समाचार प्रकाशित करें, ताकि लोकतंत्र का चौथा स्तंभ और अधिक मजबूत हो सके।
एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्रशेखर धरणी ने कहा कि अनिल विज जैसे ईमानदार और कर्मठ नेताओं के मार्गदर्शन से लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूती मिलती है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण शिविरों के लिए हरियाणा सरकार के सहयोग से शीघ्र ही विस्तृत योजना तैयार की जाएगी।
समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। उपस्थित पत्रकारों ने इस पहल को पत्रकारिता के भविष्य के लिए मील का पत्थर बताते हुए इसकी सफलता की कामना की।
khabre junction
