कनाडा के टोरंटो में अमृतसर की 26 वर्षीय नवनीत कौर की गोली मारकर हत्या, परिवार इंसाफ का इंतजार कर रहा है।

परिवार का दावा- एकतरफा प्यार के चलते पंजाबी युवक शरणजीत करता था परेशान, पहले भी कनाडा पुलिस में दर्ज कराई थी शिकायत।

-वीडियो कॉल के दौरान भाई से कहा, “शरण आ गया है”, कुछ सेकंड बाद फोन हुआ बंद, फिर मिली हत्या की खबर।

-परिवार ने कनाडा और भारत सरकार से इंसाफ, सुरक्षा और पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने की लगाई गुहार।

  • रिपोर्ट: ललित शर्मा

Amritsar: कनाडा के टोरंटो में अमृतसर की 26 वर्षीय नवनीत कौर की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। आंसुओं से भरी आंखों के साथ पिता हरभजन सिंह और चाचा बलबीर सिंह ने मीडिया के सामने अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि नवनीत लंबे समय से एकतरफा प्यार के कारण कथित तौर पर परेशान की जा रही थी। उनका दावा है कि इस संबंध में पहले ही कनाडा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी।

परिजनों के अनुसार, नवनीत करीब पांच साल पहले स्टडी वीजा पर कनाडा गई थी। पढ़ाई पूरी करने के बाद उसे वर्क परमिट मिला और बाद में स्थायी निवास (PR) मिलने के बाद वह एक बैंक में नौकरी करने लगी। करीब एक माह पहले वह चार साल बाद अपने परिवार से मिलने अमृतसर आई थी। 27 जून को उसने अमृत छका और 29 जून को वापस कनाडा लौट गई।

परिवार का आरोप है कि कोटकपूरा निवासी शरणजीत नाम का एक युवक पिछले कई महीनों से नवनीत का पीछा कर रहा था और उसे लगातार फोन कर परेशान करता था। इतना ही नहीं, वह बैंक तक पहुंच गया था। इसके बाद नवनीत ने कनाडा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया और मामला अदालत तक पहुंचा। परिवार का कहना है कि शिकायत के बाद नवनीत ने अपना मोबाइल नंबर और रहने का पता भी बदल लिया था, लेकिन इसके बावजूद आरोपी किसी तरह उसका पता लगाने में सफल हो गया।

चाचा बलबीर सिंह ने बताया कि उन्होंने शरणजीत के परिवार से भी कई बार संपर्क किया था। आरोपी की पत्नी और उसके भाई ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि वह अब नवनीत को परेशान नहीं करेगा और उसे घर से बाहर भी नहीं निकलने दिया जाएगा। इसके बावजूद आरोपी कथित तौर पर लगातार धमकियां देता रहा और नवनीत के साथ-साथ उसके पूरे परिवार को नुकसान पहुंचाने की बातें करता था।

परिजनों के मुताबिक, घटना वाले दिन सुबह करीब 7:30 बजे नवनीत बैंक जाने के लिए बस स्टॉप पर खड़ी थी और अपने भाई से वीडियो कॉल पर बात कर रही थी। उसी दौरान उसने भाई से कहा, “शरण आ गया है।” उसने आरोपी से यह भी पूछा कि वह वहां क्यों आया है, जबकि उस पर पहले से पाबंदियां लगी हुई हैं। परिवार का कहना है कि इसके कुछ ही सेकंड बाद फोन अचानक गिर गया और संपर्क टूट गया। बाद में उन्हें नवनीत की हत्या की सूचना मिली।

परिवार ने सवाल उठाया कि जब आरोपी के खिलाफ पहले से पुलिस में शिकायत दर्ज थी और मामला अदालत में चल रहा था, तो वह खुलेआम कैसे घूम रहा था और उसके पास हथियार कहां से आया। उन्होंने कनाडा सरकार से मामले की उच्चस्तरीय जांच, आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा और भारत सरकार से नवनीत का पार्थिव शरीर जल्द से जल्द भारत लाने के लिए हस्तक्षेप करने की मांग की है। साथ ही परिवार ने अपनी सुरक्षा की भी मांग की है, क्योंकि उनका दावा है कि उन्हें भी पहले धमकियां मिल चुकी हैं।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.