अमृतसर के दुर्गियाना मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

-मंदिर परिसर में बढ़ाई गई सुरक्षा, श्रद्धालुओं की सघन जांच शुरू-कथित धमकी भरे पत्र में कई हिंदू धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने की बात

अमृतसर स्थित प्रसिद्ध दुर्गियाना मंदिर को बम से उड़ाने की कथित धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मंदिर में माथा टेकने आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की जांच की जा रही है तथा सुरक्षा व्यवस्था को पहले से अधिक मजबूत किया गया है।

जानकारी के अनुसार, एक कथित धमकी भरे पत्र में अमृतसर के दुर्गियाना मंदिर सहित पंजाब और अन्य राज्यों के कुछ प्रमुख हिंदू धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने की बात कही गई है। पत्र में दावा किया गया है कि 6 जून 1984 को संत जरनैल सिंह भिंडरांवाले की शहादत का बदला लेने के नाम पर कुछ धार्मिक स्थलों को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई है। इस सूचना के सामने आने के बाद प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया है।

मंदिर परिसर में आने-जाने वाले सभी लोगों की तलाशी ली जा रही है। पुलिस कर्मी, खुफिया एजेंसियों के अधिकारी और सुरक्षा बल लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। मंदिर के आसपास भी सुरक्षा घेरा बढ़ा दिया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

इस संबंध में दुर्गियाना मंदिर एवं बड़ा हनुमान मंदिर समिति के अध्यक्ष डॉ. राकेश शर्मा ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि मंदिर प्रबंधन को सीधे तौर पर कोई धमकी भरा ईमेल, फोन कॉल या पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि उन्हें इस संबंध में जानकारी मीडिया और प्रशासनिक सूत्रों के माध्यम से मिली है।

यह भी पढ़ें-  महिला से एक लाख रुपए की छीना-झपटी करने वाला स्कूटी सवार चंद घंटों में काबू

डॉ. शर्मा ने कहा कि कुछ शरारती तत्व समाज में भय और तनाव का माहौल पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की धमकियां पहले भी सामने आती रही हैं, लेकिन प्रशासन हर बार पूरी गंभीरता के साथ सुरक्षा प्रबंध करता है। उन्होंने कहा कि ऐसी सूचनाओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता, इसलिए मंदिर समिति भी पूरी तरह सतर्क है और सुरक्षा एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क में है।

उन्होंने बताया कि हाल ही में मंदिर के सुरक्षा कर्मचारियों और प्रबंधन सदस्यों की बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं की समीक्षा की गई। वहीं, पुलिस द्वारा सुरक्षा बलों की संख्या भी बढ़ा दी गई है।

मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी तरह की सुरक्षा चूक नहीं होने दी जाएगी।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.