आधी रात में गांवों के ऊपर घूम रहे ड्रोनों से गांवों में दहशत का माहौल, जिला पंचायत सदस्य मुस्तफा हुसैन ने पुलिस अधीक्षक से कार्यवाही की मांग की
रामपुर: जिले में चोरी की घटनाओं के बीच गांवों में चारों तरफ घूम रहे ड्रोनो से लोगों में दहशत से बनी हुई है, जिला पंचायत सदस्य मुस्तफा हुसैन ने पुलिस अधीक्षक से मामले की जांच करवा कर कार्यवाही करने की मांग की है।
चमरौआ विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी रहे एवं वर्तमान में रामपुर जिला पंचायत के सदस्य मुस्तफा हुसैन ने पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर मामले से अवगत कराते हुए कहा है कि सैदनगर क्षेत्र के गांव बैंजना, प्रानपुर, दलेलनगर, नयागांव, अहमदनगर कलां, सरावा, होंसपुर आदि गांवों में आधी रात को ड्रोनों के घूमने से चोरी की आशंका को लेकर गांव के लोग पूरी रात सो नहीं पा रहे हैं। लोगो का कहना है कि ड्रोनों से चोर घरो की निगरानी कर रहे हैं और मौका देखकर चोरी कर सकते हैं। जिससे गांवों के बच्चे व महिलाएं भी रात भर जाग रहें हैं। पुलिस भी सूचना पाकर पूरी रात भर गश्त कर रही है। लेकिन ड्रोन अत्यधिक ऊंचाई पर उड़ने की वजह से पकड़ से बाहर हैं। सोशल मीडिया पर भी गांवों के ऊपर उड़ रहे ड्रोनों की फोटो वायरल हो रही है। जिससे गांवों में दहशत फैलने से लोगों में चोरी की चिंता हो रही है।

