ऐलनाबाद, 9 जुलाई (एम पी भार्गव): ऐलनाबाद थाना पुलिस ने प्राचीन शिव मंदिर से चांदी का डमरू और नगदी चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को राजस्थान की हनुमानगढ़ जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की 35 हजार रुपये की नगदी भी बरामद कर ली गई है। थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर प्रगट सिंह ने बताया कि मंदिर की देखरेख करने वाले हिमांशु शर्मा की शिकायत पर 29 मार्च 2026 को अज्ञात लोगों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया गया था।
शिकायत के अनुसार सुबह मंदिर पहुंचने पर मुख्य द्वार का ताला टूटा मिला। अंदर जांच करने पर शिव के त्रिशूल पर लगा चांदी का डमरू और गुल्लक से नगदी गायब थी। जांच के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी व गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए वेदप्रकाश पुत्र सुभाष चंद्र निवासी वार्ड नंबर-15, मेहरवाला, थाना तलवाड़ा, जिला हनुमानगढ़ (राजस्थान) को हनुमानगढ़ जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर चोरी की 35 हजार रुपये की नगदी बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और वारदात में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
