बारात से पहले दूल्हे ने जमा किया SIR फॉर्म — मतदाता जागरूकता का अनोखा उदाहरण

रामपुर।मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR) को लेकर जिले में लोगों में जागरूकता लगातार बढ़ रही है। इसी कड़ी में तहसील सदर के ग्राम मनकरा में एक प्रेरणादायक घटना सामने आई है, जहां दूल्हा बनने जा रहे निज़ाम रज़ा ने निकाह की बारात ले जाने से पहले ही अपना SIR फॉर्म बीएलओ को सौंपकर मिसाल पेश की।
राष्ट्रीय पंचायतीराज ग्राम प्रधान संगठन के जिला महासचिव एवं प्रवक्ता काशिफ ख़ान शादी की मुबारकबाद देने दूल्हे के पास पहुंचे थे। बातचीत के दौरान दूल्हे निज़ाम रज़ा ने इच्छा जताई कि वह निकाह से पूर्व अपना SIR फॉर्म जमा कर नागरिक कर्तव्य का पालन करना चाहता है। दूल्हे की बात सुनकर काशिफ ख़ान ने तुरंत बीएलओ रामकिशोर को मौके पर बुलाया।
ग्राम प्रधान सना काशिफ ने बताया कि बीएलओ ने वहीं पर दूल्हे निज़ाम रज़ा का SIR फॉर्म स्वीकार कर लिया। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत मनकरा में SIR का कार्य तेज़ी से चल रहा है। प्रधान ने बीएलओ रामकिशोर और सुपरवाइजर हरि राम के कार्य की भी सराहना की।
यह कदम न केवल जागरूकता का उदाहरण है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि लोग मतदान और उससे जुड़ी जिम्मेदारियों को लेकर कितने गंभीर होते जा रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.